PM मोदी बोले- खेलों में करियर बनाने वाले युवाओं को मिल रहा बेहतर प्रशिक्षण और सहयोग
चेन्नई (तमिलनाडु), 11 अक्टूबर - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जयगोपाल गारोडिया हिंदू विद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित करते हुए युवाओं के सपनों, प्रतिभा और खेलों में करियर बनाने के अवसरों पर अपने विचार साझा किए।
पीएम मोदी ने कहा कि हर युवा के अपने अलग-अलग सपने और प्रतिभाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि कई युवा खेलों में अपना करियर बनाना चाहते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए देश में खेलों को केवल मनोरंजन तक सीमित न रखकर उन्हें करियर के रूप में आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत में खेलों के लिए नई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सहयोग मिल रहा है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में भारत की पहचान और भागीदारी भी बढ़ रही है।
उन्होंने युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

