चुनाव आयुक्त के खिलाफ आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगी विपक्षी पार्टियां

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर- कांग्रेस और INDIA ब्लॉक में शामिल अन्य विपक्षी पार्टियां वोट चोरी के आरोपों को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च करेंगी। कांग्रेस ने इस विरोध प्रदर्शन को "चलो दिल्ली-लोकतंत्र के लिए मार्च" नाम दिया है। विपक्षी नेता कनॉट प्लेस-बाराखंबा रोड जंक्शन पर दोपहर 1:30 बजे एकत्रित होंगे।

विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत से ज्ञापन सौंपने के लिए मुलाकात का समय मांगा था। हालांकि, सीजेआई ने मुलाकात करने से इनकार कर दिया। सूत्रों ने कहा कि इसी तरह के मामले पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन हैं।

सीजेआई से मुलाकात की मांग खारिज होने के बाद कांग्रेस ने कहा कि हम उनके फैसले का सम्मान करते हैं, लेकिन सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च करेंगे।

विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, एसआईआर पर रोक लगाने और बैलेट पेपर के जरिए चुनाव कराने की मांग कर रहा है। विपक्ष 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने और उनके साथ कथित मारपीट किए जाने का भी विरोध कर रहा है।

#चुनाव आयुक्त के खिलाफ आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगी विपक्षी पार्टियां