चक्रवात अर्नब के चलते ओडिशा में अलर्ट, कई जगहों पर तेज हवा के साथ बारिश की आशंका


नई दिल्ली, 28 अक्टूबर - ओडिशा में चक्रवात अर्नब के लगातार शक्तिशाली होने के बीच गंजाम जिले के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। वहीं, चक्रवात अर्नब के तट से टकराने की प्रक्रिया के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के वरिष्ठ वैज्ञानिक संजीव द्विवेदी ने कहा, "तूफान के केंद्र में फिलहाल 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। इनके झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही है। अगले दो से तीन घंटे तक हवाओं की यह तीव्रता बनी रहेगी, जिसके बाद धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है।"

उन्होंने कहा, "फिलहाल चक्रवात के तट से टकराने की प्रक्रिया जारी है और यह अगले दो से तीन घंटे तक चल सकती है। इसके तट से टकराने का सटीक स्थान बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यानम के ठीक दक्षिण में है। शुरुआत में चक्रवात के धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और उसके बाद उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर मुड़ने का अनुमान है। अगले कुछ घंटों में इसके तटवर्ती क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए छत्तीसगढ़ की ओर जाने और ओडिशा के करीब पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से भारी बारिश और तेज हवाएं चलेंगी।"

उन्होंने कहा, "चक्रवात के कारण दक्षिणी ओडिशा के कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है। इनमें गंजाम, गजपति, रायगड़ा, नबरंगपुर, कोरापुट और मलकानगिरी जिले शामिल हैं। इन क्षेत्रों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।"

 

#चक्रवात अर्नब