18 वर्षीय काजल ढोचक ने रचा इतिहास, विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में जीता रजत पदक

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (इंट.)- भारतीय महिला पहलवान काजल ढोचक ने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। महज 18 साल की उम्र में वह विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला हैवीवेट पहलवान बन गई हैं। अपने दो अंडर-20 विश्व खिताबों के बाद काजल ने सीनियर विश्व चैंपियनशिप में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में आयोजित इस चैंपियनशिप में काजल ढोचक और नीलम सिरोही ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए दो रजत पदक जीते। हालांकि, दोनों पहलवान अपने-अपने फाइनल मुकाबले जीतने में असफल रहीं।

76 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में काजल का मुकाबला यूक्रेन की अनास्तासिया अल्पयेवा से हुआ। अपनी पहली सीनियर विश्व चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहीं काजल ने प्रतिद्वंद्वी पहलवान को कड़ी टक्कर दी। मुकाबले के दौरान एक समय स्कोर 4-4 से बराबर था, लेकिन आखिरी 30 सेकंड में यूक्रेनी पहलवान ने चार अंकों की बढ़त हासिल कर ली।

इस तरह काजल को 6-8 से हार का सामना करना पड़ा और उन्होंने रजत पदक के साथ अपनी प्रतियोगिता समाप्त की।

वहीं, 26 वर्षीय नीलम सिरोही ने भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लंबे समय तक मेहनत करने के बाद अपना पहला विश्व चैंपियनशिप पदक जीता। दोनों भारतीय पहलवानों की यह उपलब्धि देश की महिला कुश्ती के लिए एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

#18 वर्षीय काजल ढोचक ने रचा इतिहास
# विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में जीता रजत पदक