कुंवर विजय प्रताप, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरामाजरा भाजपा में शामिल हुए


चंडीगढ़ , 02 नवंबर - AAP के बागी नेता कुंवर विजय प्रताप, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरामाजरा भाजपा में शामिल हुए। पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। आम आदमी पार्टी की ओर से चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी गई है। इसके बाद हरमीत सिंह पठानमाजरा, चेतन सिंह जौड़ामाजरा और कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। 
कुंवर विजय प्रताप सिंह का आम आदमी पार्टी से जुड़ना भी काफी चर्चा में रहा था। उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की नौकरी छोड़कर राजनीति में कदम रखा था और आम आदमी पार्टी का दामन थामा था। इसके बाद वह अमृतसर नॉर्थ विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधायक बने। अब उनका विधायक पद छोड़ने का फैसला पंजाब की राजनीति में नई चर्चा का विषय बन गया है।

दो विधायकों ने भी छोड़ी थी AAP

कुंवर विजय प्रताप सिंह से पहले भी आम आदमी पार्टी को दो विधायकों के इस्तीफे का सामना करना पड़ा था। पंजाब की समाना सीट से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर सीट से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इस तरह लगातार दो दिनों में पार्टी से तीन विधायकों के अलग होने का घटनाक्रम सामने आया है।

इन इस्तीफों का समय भी राजनीतिक रूप से अहम है। आम आदमी पार्टी ने हाल ही में 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इसके ठीक एक दिन बाद दोनों विधायकों ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया। खास बात यह है कि पार्टी ने अभी तक समाना और सनौर, दोनों विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं।

#कुंवर विजय प्रताप