पुरानी दिल्ली में दर्दनाक हादसा: तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढही
नई दिल्ली, 5 नवंबर - देश की राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के ठीक सामने स्थित पैवालान इलाके की 'गली शाहतारा, शीश महल' में एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इमारत गिरते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और चारों तरफ धूल का गुबार फैल गया।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार सुबह करीब 9:50 बजे शीश महल में इमारत ढहने की आपातकालीन सूचना मिली। यह दुर्घटना चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के बिल्कुल सामने हुई। इमारत में निर्माण कार्य चल रहा था। हादसे के वक्त वहां मौजूद कुछ मजदूरों और स्थानीय लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की गंभीर आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की टीमों ने तुरंत मौके पर मोर्चा संभाला।
दिल्ली: चावड़ी बाजार के पास पैवालान इलाके में एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गिर गई। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, अब तक दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक घायल व्यक्ति को बचा लिया गया है। (वीडियो घटनास्थल से है) https://t.co/b4rIzeZvsR
— IANS Hindi (@IANSKhabar) November 5, 2026
दमकल की शुरुआती 6 गाड़ियां जिनमें तीन वाटर टेंडर, एक वाटर बाउजर, एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल और इंसिडेंट रिस्पॉन्स टीम शामिल हैं घटनास्थल पर तैनात की गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाद में अतिरिक्त दमकल गाड़ियां और वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर भेजे गए। फिलहाल पुलिस और राहत-बचाव दल मलबे को हटाकर फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर खोज अभियान चला रहे हैं।

