एमपी राज्यसभा उपचुनाव: कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी का पर्चा खारिज

मध्य प्रदेश में राज्यसभा की रिक्त सीट पर उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार राजकुमार लोहानी को बड़ा झटका लगा है। निर्वाचन अधिकारी ने अनिवार्य दस्तावेज नहीं होने के कारण उनका नामांकन निरस्त कर दिया। एक अन्य उम्मीदवार कांते सायन्ना का पर्चा भी प्रस्तावक नहीं होने के कारण खारिज हो गया। इस फैसले से चुनावी मुकाबले में कांग्रेस समर्थित खेमे को झटका लगा है।इस बीच, कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने भाजपा उम्मीदवार हरदीप सिंह पुरी के हलफनामे पर तीन गंभीर आपत्तियां दर्ज कराई हैं। हेमंत कटारे राजकुमार लोहानी के प्रस्तावक और अटेर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। आपत्तियों में पत्नी और संपत्ति का ब्योरा, विदेशी मुद्रा में संपत्ति का उल्लेख और नोटरी प्रक्रिया की वैधानिकता से जुड़े सवाल शामिल हैं। हरदीप सिंह पुरी को इन आपत्तियों का जवाब देने के लिए शाम पांच बजे तक का समय दिया गया।

#एमपी राज्यसभा उपचुनाव