वैशाली में पीएम मोदी बोले- नीतीश जी के सुशासन को आगे बढ़ा रही सम्राट चौधरी की टीम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "इतना विशाल जनसमुदाय मुझे नहीं लगता कि कैमरे में कैद हो पाएगा. हमारी बहनों ने निर्जला व्रत रखकर सर्वकल्याण की कामना की है और छठी मैया के आशीर्वाद से हम यहां विकास का पर्व मना रहे हैं. बिहार की इस विकास यात्रा में हम 'सबका साथ, सबका विकास' का मंत्र लेकर आगे बढ़ रहे हैं. हमने लोकतंत्र को जनकल्याण का माध्यम बनाया है. एनडीए सरकार एक साल का कार्यकाल पूरा कर रही है और इस अवसर के लिए लोकतंत्र की जननी वैशाली को चुना गया है. नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को सुशासन का भरोसा मिला और आज नीतीश जी के आशीर्वाद से इस अभियान को सम्राट चौधरी व उनकी टीम आगे बढ़ा रही है. गंगा मैया पर बना बिदुपुर 6-लेन पुल बिहारवासियों को समर्पित किया गया है, जिसका नाम 'नीतीश सेतु' रखा गया है. इस पुल से पटना और वैशाली की दूरी कम हो गई है. बिहार में आधुनिक सड़कों का नेटवर्क तेज गति से तैयार हो रहा है और आज औरंगाबाद में भी 6-लेन पुल का लोकार्पण हुआ है."

