दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने अमृतसर पहुंचे अमृतपाल सिंह
पंजाब के सांसद और अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के प्रमुख अमृतपाल सिंह शनिवार को जल्लूपुर खेड़ा गांव स्थित अपने आवास पहुंचे। उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नयी दिल्ली से विमान के जरिये अमृतसर लाया गया था। अमृतसर की एक अदालत ने उन्हें अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी है। सांसद को शुक्रवार को असम की डिब्रूगढ़ जेल से दिल्ली लाया गया था।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में खडूर साहिब के सांसद हाथ जोड़कर अपने आवास में प्रवेश करते दिखाई दिये। एक वीडियो में सिंह अपने एक रिश्तेदार को गले लगाते नजर आये। अमृतसर हवाई अड्डे से पुलिस वाहनों के काफिले में जल्लूपुर खेड़ा गांव लाये गये सिंह से केवल परिवार के चुनिंदा सदस्यों को मिलने की अनुमति दी गई। उनके आवास पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
बाद में सिंह अपनी दादी के अंतिम संस्कार के लिए आवास से ट्रैक्टर-ट्रॉली में निकली शवयात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उनके परिवार के सदस्य और ‘वारिस पंजाब दे’ के नेता भी उनके साथ थे।

