पोखरण में अदाणी डिफेंस की बड़ी कामयाबी: भगीरा एटी-1 मिसाइल का सफल परीक्षण

बाड़मेर, 21 नवंबर - राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने वाहन पर तैनात एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल (ATGM) प्रणाली ‘भगीरा AT1’ का सफल परीक्षण किया है। कंपनी ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। 20 नवंबर को आयोजित प्रदर्शन के दौरान चार मिसाइलों का परीक्षण किया गया। इसमें भारतीय सेना, सैन्य मामलों के विभाग और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कंपनी के अनुसार, इस मिसाइल प्रणाली को 18 महीने के डिजाइन और विकास के बाद तैयार किया गया है। इसे भारतीय परिस्थितियों, मौसम और सैन्य जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। यह एक संपूर्ण युद्ध प्रणाली है, जिसमें मिसाइलों के साथ स्वचालित लॉन्चर, दिन और रात में लक्ष्य पहचानने वाले उपकरण तथा अदाणी डिफेंस का विकसित 4x4 बख्तरबंद वाहन शामिल है।
‘भगीरा AT1’ की सबसे बड़ी खासियत इसकी 8 किलोमीटर तक लक्ष्य भेदने की क्षमता है। कंपनी का दावा है कि यह जमीन से दागी जाने वाली एंटी टैंक मिसाइलों की करीब 4 किलोमीटर की प्रभावी मारक दूरी से लगभग दोगुनी है। एक वाहन में चार मिसाइलें लॉन्चर पर तैनात रहती हैं, जबकि आठ अतिरिक्त मिसाइलें वाहन में रखी जा सकती हैं। इस तरह एक वाहन में कुल 12 मिसाइलों की क्षमता है।

#पोखरण