खतरों के खिलाड़ी हैं तो बनें विदेश संवाददाता

विदेश संवाददाता के रूप में करियर बनाने के लिए उम्मीदवार को शिक्षा के मामले में मज़बूत होना चाहिए। उम्मीदवार की शैक्षिक योग्यता ही उसे विदेशी संवाददाता के रूप में सफल बनाती है। लेकिन इसके साथ ही आपके काम करने का तरीका और क्षमता भी बेहतर होनी चाहिए। इन दोनों के बिना आपकी शिक्षा का ऊंचा स्तर कोई मायने नहीं रखता। एक सफल विदेश संवाददाता बनने के लिए तमाम देशों की भाषा भी थोड़ी बहुत समझ लेना जरूरी है। इसके अलावा उस देश की सांस्कृतिक और आर्थिक गतिविधियों की भी पूरी जानकारी होनी चाहिए। किसी भी खास अवसर को कवर करना हो या युद्ध के हाल को दोनों ही मायनों में विदेशी संवाददाता को अपनी पूरी ऊर्जा का इस्तेमाल करना होता है। विदेशी संवाददाता मीडिया के किसी भी स्वरूप का हिस्सा बन सकता है। यह समाचार-पत्र, रेडियो, टी.वी. चैनल, मैगजीन, वेबसाइट और वायर सर्विस के लिए विदेशी खबरें लेकर आता है। वह अपने देश की ओर से या अपने संस्थान की ओर से विदेशी गतिविधियों का जायजा लेने जाता है। बढ़ते ग्लोबलाइजेशन के दौर में विदेशी गतिविधियों पर हर छोटा देश भी नजर रखता है। ऐसे में विदेश संवाददाता के रूप में करियर बनाना फायदेमंद हो सकता है।इस क्षेत्र में करियर बनाने के बाद आपकी आर्थिक स्थिति काफी बेहतर हो सकती है। साथ ही आप अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का जौहर भी दिखा सकते हैं। यह एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें रातोंरात मशहूर हुआ जा सकता है। अचानक ही राह चलते हुए आपको ऐसी स्टोरी मिल सकती है जो दुनिया में आपको मशहूर कर दे। इस क्षेत्र में काम करने वालों की आय जर्नलिज्म के अन्य क्षेत्रों की तुलना में काफी ज्यादा होती है। इसके साथ ही इस क्षेत्र से जुड़ने का अर्थ है दुनिया भर में नई-नई चीजों को जानना और देखना। हालांकि इस क्षेत्र में आप एक स्थान पर ज्यादा समय नहीं बिता सकते लेकिन थोड़े समय में ही ज्यादा चीजें जानने का अवसर आपके पास होता है। तमाम आकर्षणों के बीच यह क्षेत्र खतरों से भरा माना जाता है। आपको ऐसी जगहों पर भी भेजा जा सकता है जहां हर समय जान का खतरा बना रहता है। लेकिन आपको अपने काम के प्रति जिम्मेदारी का एहसास होना चाहिए तभी यह क्षेत्र आपके विकास का रास्ता बन सकता है।योग्यता : इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए सबसे पहले तो आपको जर्नलिस्ट होना चाहिए। एक जर्नलिस्ट ही कुछ सालों के अनुभव के बाद विदेश संवाददाता के रूप में काम कर सकता है। एक विदेश संवाददाता के रूप में एक लाख रुपए प्रतिमाह तक का वेतन मिल सकता है। इसके लिए इस क्षेत्र में 5 से 10 साल का अनुभव होना चाहिए।