ऑनस्क्रीन बहनों को बहुत प्यार करती हूं : शीना बजाज

धारावाहिक ‘मरियम खान रिपोर्टिंग लाइव’ में मेहर खान की भूमिका निभा रही है शीना बजाज से मुलाकात के मुख्य अंश : 
इस शो के बारे में बतायें?
—‘मरियम खान रिपोर्टिंग लाइव’ मरियम और उसके परिवार की कहानी है। मरियम के जीवन जीने का तरीका एकदम सरल है। रोजमर्रा की परिस्थितियों को लेकर उसका नजरिया बहुत ही सीधा-सादा और अनूठा है। उसका जोश और मुश्किल से मुश्किल स्थितियों में उसका अनोखा जवाब निश्चित रूप से किसी का भी मूड ठीक कर देगा। 
इस शो में अपने किरदार के बतायें?
—मैं इस शो में मरियम की बड़ी बहन मेहर खान की भूमिका निभा रही हूं। मेहर और मरियम के बीच बेहद अनूठा रिश्ता है। मेहर आत्मनिर्भर होने पर भरोसा करती है, चाहे वह आर्थिक रूप से हो या फि र भावनात्मक रूप से। 
वह बड़ी ही दृढ़ता के साथ आत्मनिर्भर है। वह हमेशा किताबों में घुसी रहती है और थोड़ा कम बोलती है। जब वह मरियम के साथ खेल नहीं रही होती है या पढ़ाई नहीं कर रही होती है तो उसे फ ुटबॉल खेलना अच्छा लगता है। 
आपकी ऑनस्क्रीन बहनों,  माहिरा और मरियम के साथ आपका कैसा रिश्ता है?
—मैं अपनी ऑनस्क्रीन बहनों को बहुत प्यार करती हूं। खासतौर से चूंकि मैं उन सबसे असल जीवन में और परदे पर भी बड़ी हूं। हो सकता है, इस शो में बहनों के बीच का रिश्ता उतना बेहतर नहीं हो, लेकिन ऑफ स्क्रीन हमारा रिश्ता बेहद गहरा है। इस शो में मरियम की भूमिका निभा रहीं देशना बहुत ही चुलबुली बच्ची है और उसका जोश हम सबको भी जोशीला बनाये रखता है। 
सेट पर शूटिंग के बीच यदि हम कोई शरारत सोच रहे हों या फि र किसी के साथ शरारत करने पर उन पर हमें हंसना हो तो भी एक-दूसरे के मेकअप रूम में हमेशा मौजूद रहते हैं। इस शो में माहिरा का किरदार निभा रहीं प्रियंका काफी मजेदार हैं और अब तक हमारे बीच काफी अच्छा तालमेल रहा है।