समुद्र के अंदर बनेगी 205 किलोमीटर लम्बी तैरती सुरंग, अद्भुत होगा नज़ारा

नई दिल्ली, 30 जनवरी (इंट) : विज्ञान और तकनीक की सहायता से लोग चांद तक पहुंच चुके हैं, समुद्र में घर बन रहे हैं, ऐसे में अब वह दिन भी दूर नहीं कि लोग समुद्र के अंदर भी रफ्तार का मज़ा ले सकेंगे। इसी दिशा में नार्वे जल्द ही समुद्र के अंदर तैरती सुरंग का निर्माण करने जा रहा है। परियोजना पर काम कर रही सरकारी संस्था नार्वेज़ियन पब्लिक रोड्स एडमिनिस्ट्रेशन का लक्ष्य 2050 तक इसका निर्माण पूरा करना है। अगर यह सुरंग तैयार हो गई तो वाकई ये किसी अजूबे से कम नहीं होगा। अद्भुत सुरंग : कंकरीट से तैयार होने वाली इस सुरंग में दो लेन बनाई जाएंगी। 100 फीट की गहराई में स्थापित होने वाली यह सुरंग 205 किलोमीटर लम्बी होगी। सुरंग को नियंत्रित करने के लिए पानी की सतह पर पीपे के पुल तैयार किए जाएंगे। इन पुलों के बीच पर्याप्त दूरी होगी ताकि समुद्री जहाज़ इनके बीच से गुज़र सकें। यह सुरंग इतनी मजबूत होगी कि इस पर किसी भी प्रकार के मौसम का कोई असर नहीं होगा। इसके निर्माण में चालीस अरब डालर की लागत आएगी। मची है होड़ : नार्वे यदि इस परियोजना में सफल हो जाता है तो वह विश्व का पहला ऐसी सुरंग बनाने वाला देश हो जाएगा। चीन, दक्षिण कोरिया, इटली और इंडोनेशिया भी इस परियोजना पर काम कर रहे हैं। पश्चिम नार्वे में स्थित क्रिस्टियानसैंड और ट्रानहेम नामक दो शहरों के बीच यात्रा ई 39 मार्ग का हिस्सा है, जो नार्वे के लिए एक महत्वपूर्ण मार्ग है।  सुरंग बनाने का मकसद इन दोनों शहरों को जोड़ना है। जिनके बीच की दूरी करीब 1100 किलोमीटर है, जिसे तय करने में 21 घंटे लगते हैं। लेकिन इस सुरंग के बनने के बाद ये दूरी महज कुछ घंटों की रह जाएगी।