जंगल का पिता कौन सा पेड़ है ?

‘दीदी, हमारे पृथ्वी ग्रह पर कितने पेड़ होंगे?’
‘वैज्ञानिकों का अनुमान है कि पृथ्वी पर 3 ट्रिलियन से अधिक पेड़ होंगे। पेड़ एक तरह से पृथ्वी के फेफड़े हैं क्योंकि वह हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं ताकि हम सांस लेकर जिंदा रह सकें।’
‘मैंने सुना है कि एक पेड़ 2,000 साल तक जीवित रहा और उसका तना इतना बड़ा था कि उसमें से घुड़सवार निकल सकते थे।’
‘हां, तुमने सही सुना है। वह प्रकृति का वास्तविक लीजेंड है, इसलिए उसे जंगल का पिता कहते हैं।’
‘वह कौन सा पेड़ था?’
‘जायंट सिकोइया था जो शताब्दियों पहले गिर गया।’
‘क्या इस प्रजाति के पेड़ अब नहीं हैं?’
‘हैं और वह कैलीफोर्निया, अमरीका के कालवेरस बिग ट्री स्टेट पार्क में पाये जाते हैं। यह शानदार विशाल पेड़ सिएरा नेवाडा पहाड़ों की ऊंची ढलानों पर धुंध भरे वातावरण में उगते हैं।’
‘इन्हें जंगल का पिता क्यों कहते हैं?’
‘चूंकि वह पूरे जंगल की क्षमता व ताकत का प्रतिनिधित्व करते हैं। मूल जायंट सिकोइया के अवशेष बताते हैं कि वह 400 फीट से अधिक ऊंचा रहा होगा और प्राकृतिक संसार पर वह राजा की तरह राज करता था।’ 
‘इन पेड़ों की छाल तो बहुत मोटी होती होगी?’
‘लगभग दो फीट मोटी और उनमें कोई ज्वलनशील पदार्थ नहीं होता जिससे वह जंगल की आग से बचे रहते हैं। इन्हें दरअसल जंगल की आग की गर्मी की ज़रूरत होती है ताकि इनके कोन सूख जायें और बीजों को मिट्टी में छोड़ दें। कोन पेड़ पर 20 साल तक लटके रहते हैं।’
‘फिर तो इनका बीज भी बहुत बड़ा होता होगा।’
‘नहीं। तुम्हें सुनकर आश्चर्य होगा कि यह विशाल पेड़ ओटमील के दाने जैसे सूक्ष्म बीज से उगते हैं। एक खास बात यह है कि पूरा विकसित सिकोइया दिन में 300 गैलन पानी पी जाता है।’
‘फिर तो इनकी जड़ें भी काफी गहराई तक पहुंचती होंगी।’
‘नहीं। जड़ें सिर्फ 6 से 12 फीट तक ही जाती हैं, लेकिन यह संतुलित रहने के लिए चौड़ाई में फैल जाते हैं। यह पेड़ बुढ़ापे या रोग से मरते नहीं हैं, बस अपने वज़न से गिर जाते हैं। इसलिए इनकी आयु हज़ारों वर्ष की होती है।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#जंगल का पिता कौन सा पेड़ है ?