हरियाणा के अंबाला के क्लोथ मार्केट में लगी भीषण आग 

अंबाला (हरियाणा), 21 फरवरी - हरियाणा के अंबाला शहर के प्रसिद्ध क्लोथ मार्किट में एक कपड़े की दुकान में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल का गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम किया। आग कपड़ा दुकान में तेजी से फैल गई और दुकान के सामान को काफी नुकसान पहुंचा है। 

अचानक दुकान में काम करने वाले कर्मियों ने धुआं देखा। यह धुआं द्वितीय तल पर रखे मेजर स्टॉक से निकल रहा था। जब ऊपर जाकर देखा तो बहुत देर हो चुकी थी और स्टाक धू-धूकर जल रहा था। इससे हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी थी कि द्वितीय तल पर लगे दरवाजे को खाेलने की हिम्मत भी किसी की नहीं हो रही थी।

दमकल विभाग को 6 बजकर 50 मिनट पर सूचना दी गई। करीब 10 मिनट में दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची। साथ ही पांचवीं गाड़ी कैंट से बुलाई गई। इन्होंने करीब सवा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार दुकान मालिक विशाल जैन हैं जोकि लंबे समय से रेमंड्स ब्रांड कपड़े के डीलर एवं होलसेल विक्रेता हैं।

होलसेल का ज्यादा काम होने के कारण रूटीन के ग्राहक कम ही रहते हैं। लेकिन स्टॉक भारी मात्रा में होने के कारण लगी आग पर काबू पाने में दमकल विभाग की टीमों को खूब पसीने बहाने पड़े।

#हरियाणा
# अंबाला
# क्लोथ मार्केट
# आग