अमित शाह के पंजाब दौरे का महत्व

पंजाब देश के सर्वाधिक ऐतिहासिक, सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक तथा राजनीतिक समृद्ध राज्यों में से एक रहा है। लेकिन वर्तमान में पंजाब रुके हुए आर्थिक विकास, नशे की समस्या, कृषि संकट और कानून-व्यवस्था जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में 14 मार्च को मोगा में ‘बदलाव’ रैली को संबोधित करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पंजाब दौरा सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि केंद्र सरकार और पंजाब के लोगों के बीच बढ़ते संवाद को दर्शाता है। यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब राज्य अपनी राजनीतिक और विकास यात्रा के एक अहम मोड़ पर खड़ा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का यह दौरा समस्याओं के समाधान के लिए पंजाब के साथ मिलकर काम करने और राज्य के मेहनती लोगों को सम्मान तथा अवसर देते हुए भविष्य के विकास की योजना तय करने के केंद्र सरकार के संकल्प को दर्शाता है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह दौरा केंद्र की उस मंशा को भी दर्शाता है कि वह पंजाब की आवाज़ को सुनना और उसका उत्तर देना चाहता है। राज्य और इसके लोगों को इस अवसर का लाभ उठाते हुए गृह मंत्री के माध्यम से केंद्र सरकार के साथ संवाद स्थापित करना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हाल ही में पंजाब के अपने दौरे के दौरान राज्य के लिए नई पहलें शुरू कीं। इस वर्ष 1 फरवरी को उन्होंने संत गुरु रविदास की 649वीं जयंती के अवसर पर जालन्धर ज़िले के आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदल कर श्री गुरु रविदास जी एयरपोर्ट कर दियाए जो समानता और मानवता के प्रबल समर्थक थे। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट पर नए टर्मिनल का उद्घाटन भी किया, जो क्षेत्र में हवाई सम्पर्क बढ़ाने और कॉमर्स एवं व्यापार को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश ‘मिशन मोड’ में गुरु रविदास के सपनों को साकार करने के लिए कार्य कर रहा है।
साझेदारी से आएगा बदलाव : मोगा ज़िले के किल्ली चहलां गांव में आयोजित होने वाली आगामी रैली केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि उस व्यापक दृष्टि को दर्शाएगी जिसमें सरकार और जनता की साझेदारी से परिवर्तन संभव है। पंजाब के युवाए किसान, व्यापारी और परिवार ऐसे वातावरण के हकदार हैं जहां वे नया कारोबार शुरू कर सकें, सुरक्षित जीवन जी सकें और अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का पूरा लाभ उठा सकें। बदलाव का संदेश विकास, ठोस नीतिगत परिणामों और आपसी विश्वास की सामूहिक इच्छा को दर्शाता है। मोगा को इस कार्यक्रम के लिए चुना जाना भी महत्वपूर्ण है। मोगा पंजाब के राजनीतिक रूप से अहम मालवा क्षेत्र में स्थित है, जहां के मेहनती लोग पंजाब की अर्थव्यवस्था का अहम अंग हैं। मोगा में लोगों से सीधे जुड़कर अमित शाह यह संदेश दे रहे हैं कि वास्तविक बदलाव तभी संभव है जब ज़मीनी स्तर पर लोगों से जुड़कर उनकी अपेक्षाओं को समझा जाए।
पंजाब के विकास को केवल एक विचार के तौर पर नहीं देखा जा सकता। इसका वास्तविक अर्थ युवाओं को रोज़गार देना, परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, नागरिकों को स्वच्छ और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराना तथा ऐसा व्यावसायिक माहौल देना है जहां निवेश को बढ़ावा मिले। अमित शाह और प्रधानमंत्री मोदी के हालिया दौरे यह बताते हैं  कि केंद्र सरकार राज्य की संस्थाओं, सिविल सोसाइटी और स्थानीय नेताओं के साथ मिलकर पंजाब के लोगों की क्षमताओं को उजागर करने के लिए तैयार है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह गृह मंत्री होने के साथ-साथ केंद्रीय सहकारिता मंत्री भी हैं और सहकारी क्षेत्र के विकास की ज़िम्मेदारी संभालते हैं। सहकारी समितियों ने किसानों की तरक्की, खुशहाली और विकास में अहम भूमिका निभाई है। पंजाब जैसे कृषि प्रधान राज्य में उनका अगामी दौरा किसानों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां सहकारी ढांचे और कृषि विकास मॉडल को और मजबूत करने की उम्मीद है।
आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र पंजाब के लोगों की लोकतांत्रिक भागीदारी तथा बातचीत का महत्व और भी बढ़ जाता है। यह नेताओं का जनता से बातचीत करने और वोट के लिए मुकाबला करने का मौका नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य के लिए एक विज़न बनाने का माध्यम भी है, जो अधिकारियों की जवाबदेही, परफॉर्मेंस आधारित सिस्टम और एक ऐसा समाज बनाना होता है जो समस्त लोगों की भलाई का ख्याल रखे। स्थानीय समुदायों से सीधा जुड़ने तथा बातचीत करने से सरकार को उन लोगों की आवाज़ सुनने का अवसर मिलता है जो नीतिगत फैसलों से सीधे प्रभावित होते हैं। 
राज्य और केंद्र दोनों स्तरों पर मज़बूत राजनीतिक नेतृत्व और प्रभावी नीतिगत प्रयासों के साथ वास्तविक परिवर्तन संभव है। कुछ लोग ऐसे जनसंवाद कार्यक्रमों को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन हमें इन नकारात्मक दृष्टिकोण से ऊपर उठकर उन्हें भटकने नहीं देना चाहिए। अमित शाह का यह दौरा और प्रधानमंत्री मोदी की हालिया यात्रा इस बात का संकेत हैं कि यह पंजाब के लोगों को केंद्र सरकार की क्षमताओं और संसाधनों से जोड़ने की एक कोशिश है।
-सांसद, राज्य सभा

#अमित शाह के पंजाब दौरे का महत्व