पंजाब चुनाव के लिए नायब सिंह सैनी को स्टार प्रचारक के रूप में उभार रही भाजपा
भाजपा ने पंजाब में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए राज्य में अपनी चुनावी गतिविधियां तेज़ कर दी हैं। पार्टी हाईकमान ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को चुनाव से पहले राज्य में अनुकूल माहौल बनाने की ज़िम्मेदारी सौंपी है, जिसके तहत नायब सिंह सैनी आज-कल पगड़ी पहन कर पंजाबी बोलते हुए पंजाब में अलग-अलग स्थानों पर नुक्कड़ बैठकें या रैलियां करके भाजपा के स्टार प्रचारक के रूप में दिखाई दे रहे हैं।
इस बीच उनकी ओर से पंजाब में किसान संगठनों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और व्यापारी संगठनों के साथ अलग-अलग बैठकें करके हरियाणा में भाजपा की उपलब्धियां को गिनाया जा रहा है। भाजपा के स्टार प्रचारक नायब सिंह सैनी द्वारा अपने पंजाब दौरों के दौरान समाज के हर वर्ग को अपनी ओर आकर्षित करने की कोशिश लगातार जारी है। वह पंजाब के लगभग 200 उद्योगपतियों और निहंग संप्रदाय के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर चुके हैं। वह पूर्व सैनिकों से भी मिल चुके हैं। मुख्यमंत्री सैनी धार्मिक कार्यक्रमों में भी व्यापक स्तर पर शामिल हो रहे हैं ताकि राज्य के हर वर्ग को प्रभावित किया जा सके। वह पंजाब में लगातार अपनी गतिविधियां बढ़ा रहे हैं, जबकि आम आदमी पार्टी ने उनके कार्यक्रमों पर पूरी नज़र रखी हुई है।
दरअसल हरियाणा में दूसरी पारी के अपने लगभग डेढ़ साल के कार्यकाल के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशीलता और सक्रिय राजनीतिक भूमिका ने उन्हें पार्टी हाईकमान के गतिशील और प्रभावशाली मुख्यमंत्रियों के काफिले में शामिल किया है। इसीलिए भाजपा ने उन्हें हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में अपने स्टार प्रचाकरों में शामिल किया था। इन सभी कार्यों को देखते हुए हाईकमान ने अब उन्हें पंजाब की ज़िम्मेदारी सौंपी है।
हरियाणा और पंजाब सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक तौर पर आपस में जुड़े हुए हैं। मुख्यमंत्री सैनी का ननिहाल पंजाब में है और वह राज्य की भाषा, संस्कृति और सामाजिक ढांचे को अच्छी तरह समझते हैं। सैनी समुदाय को पंजाब के कई क्षेत्रों में प्रभावशाली भी माना जाता है। उनके शांत स्वभाव, संतुलित छवि और ज़रूरत पड़ने पर आक्रामिक राजनीतिक शैली के कारण भाजपा को उम्मीद है कि नायब सिंह सैनी पंजाब में पार्टी के लिए एक उपयोगी चेहरा साबित हो सकते हैं। लम्बे समय से भाजपा पंजाब में एक ऐसे नेतृत्व की तलाश में रही है, जो स्वाभाविक रूप में सभी को स्वीकार हो और भाजपा हाईकमान को श्री सैनी इस मापदंड पर खरा उतरते हुए देखाई दे रहे हैं। क्या नायब सिंह सैनी पंजाब में भाजपा के सपने को पूरा करके यहां पार्टी की नैया पार लगा पाएंगे या नहीं, यह तो भविष्य ही बताएगा, लेकिन भाजपा आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में कुछ अलग करने के मूड में अवश्य दिखाई दे रही है।
जेजेपी अपना अस्तित्व तलाशने लगी : पिछले हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा के साथ गठबंधन करके सत्ता में आई जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) द्वारा भी हरियाणा में अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने के लिए लगातार राजनीतिक गतिविधियां की जा रही हैं। जेजेपी को सबसे बड़े राजनीतिक विरोधी का सामना अपने ही घर यानी कि इनैलो से करना पड़ रहा है। इनैलो और जेजेपी आपसी राजनीतिक लड़ाई का खमियाज़ा पहले ही भुगत चुकी हैं,
लेकिन दोनों पार्टियां अभी भी हर मंच पर एक-दूसरे के खिलाफ प्रचार करती नज़र आ रही हैं, जिससे आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव में इन पार्टियों को राजनीतिक नुकसान होने की संभावना बनती जा रही है। जननायक जनता पार्टी द्वारा 13 मार्च को हांसी में एक राजनीतिक कांफ्रैंस आयोजित की गई जिसे ‘हरियाणा जन चेतना दिवस’ का नाम दिया गया।
पार्टी अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला के जन्मदिन पर होने वाले इस कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। तैयारी के रूप में पार्टी ने राज्य में अपनी संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ा दी हैं। राजनीतिक गलियारों में इसे जेजेपी के भीतर संगठनात्मक पुनर्गठन की एक कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि भाजपा के साथ जाने के बाद जेजेपी को हरियाणा में आमजन के भारी रोष का लगातार सामना करना पड़ रहा है और पार्टी अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा को बहाल करने के लिए निरन्तर यत्न कर रही है।
-मो. 94670-95953



