यमुनानगर - शादीपुर में गोदाम में भीषण आग लगने से हुआ लाखों का नुकसान
यमुनानगर 22 अप्रैल - यमुनानगर के शादीपुर गांव में बुधवार को एक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि इसकी लपटें आसमान तक दिखाई दीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग बीड़ी की चिंगारी से लगी बताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जिस गोदाम में आग लगी, वहां चीनी के कट्टों को रिसाइकल करने का काम होता था, जिससे आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस हादसे में गोदाम का सारा सामान जलकर राख हो गया, जिससे मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग की चपेट में आसपास के खेत भी आ गए, जिससे फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

