यमुना नदी में नहाते समय चार नाबालिग लड़के तेज बहाव में बहे
नई दिल्ली, 13 जुलाई -बाहरी उत्तरी दिल्ली के अलीपुर पुलिस स्टेशन इलाके में हिरंकी गांव के पास ठोकर नंबर 24 के निकट यमुना नदी में नहाते समय चार नाबालिग लड़के तेज बहाव में बह गए। दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, दिल्ली फायर सर्विस, एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया। रविवार को कई घंटों तक व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। अंधेरे के कारण कम विजिबिलिटी की वजह से सर्च ऑपरेशन रात करीब 10:30 बजे रोक दिया गया था।
पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम लगभग 07:46 बजे चार लड़कों की यमुना में डूबने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। घटना स्थल पर पहुंचने पर पता चला कि पांच नाबालिग लड़के यमुना नदी में नहाने के लिए ठोकर नंबर 24 पर गए थे। नदी में तेज बहाव के कारण चार बच्चे, राहुल (15), अंशु (15), सौरभ (15) और अमनदीप (15), गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे। बहाव इतना तेज था कि वह नदी में डूबते ही चले गए। पांचवां बच्चा लकी (14), जो किनारे पर था, उसने शोर मचाया। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक चारों बच्चे पानी में समा चुके थे।

