अलीफ लैला क्लब फायरिंग मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, 6 दिन के पुलिस रिमांड पर

पंचकूला, 14 सितंबर (कपिल)- सेक्टर-11 स्थित नाइट क्लब अलीफ लैला में फायरिंग के मामले में पंचकूला पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखबीर सिंह उर्फ लक्की, गुरप्रीत और करणजीत सिंह के रूप में हुई है। तीनों फिरोजपुर, पंजाब के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार 13 सितंबर को सेक्टर-10 पुलिस चौकी को क्लब में फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। मामले में सेक्टर-5 थाने में भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियार की बरामदगी और उसके स्रोत के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि अवैध हथियार लेकर घूमने और सार्वजनिक स्थानों पर फायरिंग कर लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मामले से जुड़े सभी आरोपियों और हथियार सप्लायरों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

#पंचकूला