सुरक्षित भविष्य के लिए यूरोप में हो रहा विरोध-प्रदर्शन

यूरोप में विरोध-प्रदर्शन सिर्फ युवाओं का विद्रोह नहीं हैं और न ही यह कोई एक संगठित आंदोलन है। यह इस बात को लेकर एक व्यापक संघर्ष है कि किसे सुरक्षा और अवसर मिलेगा और किस पर राजनीतिक ध्यान होगा। फ्रांस और जर्मनी से लेकर सर्बिया तक, युवा प्रदर्शनकारी अपने से बड़ी उम्र के साथियों के साथ मिलकर एक साझा डर के खिलाफ खड़े हैं। उन्हें डर है कि एक अच्छे भविष्य के वादे अब उनसे दूर होते जा रहे हैं। इसके तात्कालिक कारण अलग-अलग हैं। फ्रांस में स्कूलों की अनदेखी, शिक्षकों की कमी और उच्च शिक्षा तक समान पहुंच न होने को लेकर छात्रों का गुस्सा, जीवन-यापन की बढ़ती लागत और सरकार की कार्यशैली से उपजी व्यापक निराशा के साथ जुड़ गया है। जर्मनी में युवाओं ने बेहतर फंड वाले स्कूलों, आवास, सामाजिक सेवाओं और जलवायु संबंधी कदमों की मांग को लेकर प्रदर्शन किया है। साथ ही वे अनिवार्य सैन्य सेवा को फिर से लागू करने का विरोध कर रहे हैं। पुर्तगाल और स्पेन में आवास का महंगा होना और लोगों का बेघर होना एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया है। सर्बिया में छात्रों का आंदोलन एक अलग ही रास्ते पर चला गया और बुनियादी ढांचे की एक घातक विफलता के कारण शुरू हुआ विरोध-प्रदर्शनए अंतत: सत्ताधारी पार्टी के लिए एक चुनावी चुनौती बन गया।
कारण भले ही अलग-अलग हों लेकिन एक स्पष्ट पैटर्न दिखाई देता है। युवाओं को लग रहा है कि एक वयस्क जीवन बनाने की लागत उनके इस भरोसे से कहीं ज्यादा तेजी से बढ़ रही है कि काम, शिक्षा या राजनीति में भागीदारी से उन्हें स्थिरता मिलेगी। आवास का मुद्दा सबसे बड़ा दबाव है।  अगर किफायती किराया न हो तो आत्मनिर्भर होने में देरी होती है। बिना एक सुरक्षित घर के परिवार बसाने, करियर बनाने या काम के लिए कहीं और जाने की योजना बनाना मुश्किल हो जाता है। स्कूलों और विश्वविद्यालयों को पर्याप्त फंड न मिलने से युवाओं में यह भावना और गहरी हो जाती है कि सार्वजनिक संस्थान उनसे धैर्य रखने की उम्मीद तो करते हैं, लेकिन उन्हें वे ज़रूरी साधन नहीं दे पाते जिनकी उन्हें ज़रूरत है।
ये शिकायतें सिर्फ  सुख-सुविधाओं की कमी के बारे में नहीं हैं बल्कि ये नागरिकता की शर्तों से जुड़ी हैं। जिस पीढ़ी से कहा गया कि वह पढ़ाई करे, कड़ी मेहनत करे और परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढाले, वह पीढ़ी अब वाजिब सवाल पूछ रही है कि इस समझौते का क्या फायदा जब एक सुरक्षित घर मिलना मुश्किल हो, सार्वजनिक सेवाएं चरमरा रही हों और वेतन जीवन-यापन की लागत के मुकाबले बहुत कम हो? यह गुस्सा इसलिए और भी भड़क सकता है क्योंकि इसमें आर्थिक तंगी के साथ-साथ राजनीतिक रूप से खुद को असहाय महसूस करने की भावना भी शामिल है।
यह अंतर समझना ज़रूरी है। अगर इस असंतोष को सिर्फ अलग-अलग उम्र के समूहों के बीच की लड़ाई के रूप में देखा जाए तो सरकारें एक कठिन सवाल से बच सकती हैं— सीमित संसाधनों और राजनीतिक प्रभाव का बंटवारा कैसे हो रहा है? आवास का महंगा होना, वेतन में कम बढ़ोतरी या स्कूलों की खस्ता हालत के लिए पेंशनभोगी ज़िम्मेदार नहीं हैं।
फ्रांस इसका सबसे स्पष्ट उदाहरण है कि कैसे एक सीमित विरोध-प्रदर्शन व्यापक रूप ले सकता है। 31 अक्तूबर तक सरकार के अनुमान के मुताबिक पूरे देश में 3,20,000 लोगों ने प्रदर्शन किया। इससे पहले के सप्ताहांतों में तो इससे भी ज्यादा भीड़ जुटी थी। ज्यादातर प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे, लेकिन झड़पों, लूटपाट और पुलिस द्वारा आंसू गैस व भीड़ को नियंत्रित करने के अन्य तरीकों के इस्तेमाल से टकराव और बढ़ गया।  यूरोप के युवाओं ने एक स्पष्ट चेतावनी दी है कि कोई भी समाज अपनी अगली पीढ़ी से हमेशा के लिए यह उम्मीद नहीं कर सकता कि वे तरक्की की कीमत के तौर पर असुरक्षा को स्वीकार कर लें। क्या यह चेतावनी राजनीति की दिशा बदल पाएगी, यह इस बात पर निर्भर करता है कि इन प्रदर्शनों के बाद क्या होता है। (संवाद)

#सुरक्षित भविष्य के लिए यूरोप में हो रहा विरोध-प्रदर्शन