पुरुष वर्चस्व को चुनौती देने वाली लेखिका हैं अजीत कौर
अजीत कौर आज़ादी के बाद उभरी पंजाबी की उन प्रमुख लेखिकाओं में से हैं, जिनका नाम बहुत ही सम्मान के साथ लिया जाता है। अजीत कौर के लेखन का परिदृश्य बहुत ही व्यापक है। उनके लेखन में खास तौर पर स्त्रियों का संघर्ष और परिवार एवं समाज में उनकी दशा के विविध पहलुओं का चित्रण हुआ है।
16 नवम्बर, 1934 में लाहौर में जन्मी अजीत कौर ने पढ़ाई के दौरान ही लेखन की शुरुआत कर दी थी। उनकी पहली कहानी इंटर कॉलेज की पत्रिका में प्रकाशित और पुरस्कृत हुई थी। अजीत कौर का पूरा जीवन संघर्षों से भरा रहा लेकिन उनके लेखन को व्यापक पहचान मिली। उनके प्रमुख कहानी संग्रह हैं ‘कसाईबाड़ा’, ‘गुलबानो’, ‘बुत्तशिकन’, ‘न मारो’, ‘नवम्बर 84’, ‘काले कुएं’, ‘दास्तान एक जंगली राज की’। उपन्यासों में ‘धुप्प वाला शहर’ और ‘पोस्टमार्टम’ प्रमुख हैं। आत्मकथा इन्होंने दो खंडों में लिखी : ‘खानाबदोश’ और ‘कूड़ा-कबाड़ा’। ‘कच्चे रंगा दा शहर लंदन’ नाम से इन्होंने यात्रा वृत्तांत भी लिखा है। ‘तकीये दा पीर’ नाम से संस्मरणों की भी एक पुस्तक आई है।
‘खानाबदोश’ का कई भाषाओं में अनुवाद हुआ है।
अजीत कौर ने होश संभालते ही देश का विभाजन देखा। भयानक दंगे और रक्तपात। बड़े पैमाने पर विस्थापन। इस त्रासदी का उनके मन पर गहरा असर पड़ा। इसके बाद 1984 में सिखों का जो कत्लेआम हुआ, उसने भी उनकी आत्मा को झकझोर दिया। गुजरात में 2002 में हुए दंगों की भी उन्होंने खुल कर निंदा की और इसे मानवता पर एक बड़ा धब्बा कहा।
अजीत कौर ने दिल्ली में फाउंडेशन ऑफ सार्क राइटर्स एंड लिटरेचर नाम की संस्था बनाई। इस संस्था के ज़रिए उन्होंने दक्षिण एशियाई देशों के लेखकों को एक मंच पर लाने की कोशिश की। उन्होंने 1987 से साउथ एशियन लिटरेचर फेस्टिवल के आयोजन की भी शुरुआत की। अजीत कौर कहती हैं कि इस फेस्टिवल के आयोजन का उद्देश्य पाकिस्तान के साथ तनावपूर्ण संबंधों में सुधार लाना था। आज 92 साल की उम्र में भी अजीत कौर पूरी तरह सक्रिय हैं। कुछ साल पहले उनकी किताब ‘लेफ्टओवर्स’ और ‘यहीं कहीं होती थी ज़िन्दगी’आई थी। साहित्य अकादमी पुरस्कार एवं अन्य कई पुरस्कारों से सम्मानित अजीत कौर आज भी नये लेखकों को प्रोत्साहित करने के साथ हर तरह से उनकी मदद करने को तैयार रहती हैं।



