जितनी उन्नत तकनीक, उतना ज़्यादा धोखाधड़ी का खतरा
तकनीक तेज़ी से आगे बढ़ी है। विज्ञान और तकनीक ने मनुष्य के जीवन को बहुत सुविधाजनक बना दिया है। इंटरनेट, मोबाइल, डिजिटल बैंकिंग और अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) ने दुनिया को हमारी मुट्ठी में समेट दिया है। आज घर बैठे बैंक का काम हो सकता है, हज़ारों किलोमीटर दूर बैठे व्यक्ति से बात की जा सकती है और कुछ ही पलों में दुनिया भर की जानकारी मिल सकती है। लेकिन इस तेज़ी से बदलती तकनीक के साथ एक बड़ा खतरा भी सामने आ रहा है। सवाल यह है कि क्या आम आदमी की समझ भी तकनीक के साथ उतनी ही तेज़ी से आगे बढ़ी है? खासकर भारत जैसे विकासशील देश में जहां की जनसंख्या इतनी विशाल है। आबादी का बड़ा प्रतिशत गांव में निवास करता है, जहां तकनीकी ज्ञान अपेक्षित कम है।
आज मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन इसका सुरक्षित उपयोग कैसे किया जाए, इसकी जानकारी जनसंख्या के बड़े हिस्से को नहीं है। यही कमज़ोरी धोखेबाज़ों के लिए सबसे बड़ा मौका बन रही है। अधूरी जानकारी, जल्दबाजी, लालच और दूसरों पर ज़रूरत से ज्यादा भरोसा लोगों को आर्थिक नुकसान की ओर धकेल रहा है। कई बार लोगों को अपनी गलती का पता तब चलता है, जब उनके बैंक खाते से जीवनभर की कमाई निकल चुकी होती है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत काम करने वाले भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के आंकड़े इस खतरे की गंभीरता को बताते हैं। वर्ष 2025 में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर आर्थिक धोखाधड़ी की लगभग 24.02 लाख शिकायतें दर्ज हुईं और करीब 22,495 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की सूचना दी गई। वर्ष 2021 में यह रकम लगभग 551 करोड़ रुपये थी। इन आंकड़ों से समझा जा सकता है कि इंटरनेट और डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते उपयोग के साथ आर्थिक धोखाधड़ी का खतरा भी कितना बढ़ गया है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि अब धोखाधड़ी के तरीके भी बदल गए हैं। पहले कोई व्यक्ति फोन करके बैंक अधिकारी बनता था और लोगों से ओटीपी या बैंक की जानकारी मांगता था, लेकिन अब एआई की मदद से किसी परिचित व्यक्ति की आवाज़ की नकल की जा सकती है। किसी अधिकारी या बड़े व्यक्ति का नकली वीडियो बनाया जा सकता है। तस्वीर और आवाज़ इतनी असली लग सकती है कि सामान्य व्यक्ति के लिए सच और झूठ में अंतर करना मुश्किल हो जाए। इस तरह की नकली तस्वीरों और वीडियो को डीपफेक कहा जाता है। भारतीय कंप्यूटर आपात प्रतिक्रिया ने भी नवम्बर 2024 में इस तरह के खतरों को लेकर चेतावनी दी थी।
जरा सोचिए किसी बुज़ुर्ग को उसके बेटे की आवाज़ में फोन आता है कि वह किसी मुसीबत में फंस गया है और उसे तुरंत पैसों की ज़रूरत है। आवाज़ बेटे जैसी है, बात करने का तरीका भी वैसा ही है और परेशानी की बात सुनकर माता-पिता घबरा जाते हैं। वे बिना जांच किए पैसे भेज देते हैं। बाद में पता चलता है कि फोन करने वाला उनका बेटा नहीं, बल्कि कोई धोखेबाज था। इसी तरह कुछ लोग पुलिस अधिकारी या जांच एजेंसी का अधिकारी बनकर वीडियो कॉल करते हैं। वे लोगों को डराते हैं कि उनके नाम से कोई अपराध हुआ है और उन्हें घर में ही जांच पूरी होने तक नज़रबंद रहना होगा। इस डर से कई लोग अपनी जमा पूंजी तक दे देते हैं। अब धोखेबाज़ों के लिए अच्छी भाषा में संदेश लिखना, नकली वेबसाइट बनाना और लोगों को अपनी बातों में फंसाना पहले से कहीं आसान हो गया है। इस काम में एआई उनकी मदद कर रहा है।
भारतीय रिज़र्व बैंक ने भी बैंकिंग और आर्थिक लेन-देन में इस तरह की धोखाधड़ी के खतरों को लेकर चिंता जताई है। नकली आवाज़, वीडियो और संदेश के ज़रिए लोगों की पहचान का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे साफ है कि भविष्य में केवल बैंक और सरकार की सुरक्षा व्यवस्था मज़बूत होना ही पर्याप्त नहीं होगा, आम नागरिक को भी जागरूक होना पड़ेगा। इस समस्या का समाधान मोबाइल और इंटरनेट से दूरी बनाना नहीं, बल्कि उनका सही इस्तेमाल सीखना है। हर व्यक्ति को कुछ ज़रूरी बातें याद रखनी चाहिए। अपना ओटीपी, बैंक का पासवर्ड और यूपीआई पिन किसी को नहीं बताना चाहिए। कोई परिचित अपनी आवाज़ में पैसे मांगे तो उसके पुराने मोबाइल नंबर पर फोन करके पहले पुष्टि कर लें। अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी योजना में बिना जांच किए पैसे न लगाएं। सोशल मीडिया पर मिलने वाले हर समाचार और वीडियो को सच न माना जाए।यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी हो जाए तो उसे तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर पर फोन करना चाहिए। तकनीक मनुष्य के जीवन को आसान बनाती है और गलत हाथों में चली जाए तो मुसीबत में भी डाल सकती है। तकनीक का असली लाभ तभी होगा, जब उसके साथ हमारी समझ भी विकसित होगी।
-मो. 90094-15415

