राहुल की बौखलाहट 

राहुल गांधी के विदेश दौरों की चर्चा अक्सर होती रहती है। बहुत बार वह अपने बेहद निजी विदेशी दौरों पर तब गए जब संसद में कोई बहुत महत्वपूर्ण बहस चल रही होती थी। तब भी जब देश के कई भागों में महत्वपूर्ण चुनाव हो रहे होते थे या कोई संकट का समय होता था। ऐसे में राहुल का एकाएक विदेश में गायब हो जाना बेहद खटकता रहा है। इसके अतिरिक्त जब वह विशेष तौर पर किसी विश्वविद्यालय या अन्य संस्थान के निमंत्रण पर जाते हैं तो अक्सर वहां वह केन्द्र सरकार के बारे में ऐसी बयानबाज़ी करते हैं और सरकार पर इस तरह के आरोप लगाते हैं, जो किसी विदेशी धरती पर आपत्तिजनक माने जा सकते हैं। राहुल गांधी अपने देश में लगातार प्रत्येक पक्ष से सरकार की आलोचना अवश्य करते रहते, परन्तु उन्हें इसलिए सुना जाता है कि वह लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं, परन्तु विदेश में जाकर ऐसी बयानबाज़ी करना अक्सर उनकी अपरिपक्व सोच का सबूत ही माना जा सकता है। 
अब अमरीका के कोलंबिया विश्वविद्यालय में जाकर उन्होंने जो निम्न स्तरीय टिप्पणियां की हैं, उनसे उनकी नीयत संदिग्ध हुई प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक तबाही के कगार पर है, बेरोज़गारी की बड़ी समस्या है। शिक्षा प्रणाली में गम्भीर समस्याएं हैं। यदि ऐसा कुछ ऐसे ही चलता रहा तो देश एक गम्भीर संकट में फंस सकता है। यह बात समझ से बाहर है कि किसी विदेशी धरती पर जाकर ऐसी बयानबाज़ी करने से उनका अपना कद कितना ऊंचा होता है। ऐसी आलोचनात्मक टिप्पणियों से उनका प्रभाव बढ़ता नहीं अपितु कम ही होता है। यदि इसके जवाब में भाजपा नेता यह कहते हैं कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता नहीं, अपितु भारत विरोधी प्रचार के नेता बन गए हैं और विदेशी धरती पर जाकर भारत की सार्वजनिक छवि धूमिल करना उनका उद्देश्य ही बन गया है, तो इसे गलत कैसे ठहराया जा सकता है। 
भारत की जिस प्रकार की छवि वह विदेशों में पेश कर रहे हैं, वह उनकी बौखलाहट का ही प्रकटावा है। अंतर्राष्ट्रीय बैंक सहित अलग-अलग बड़ी एजेंसियों ने भारत की बढ़ रही अर्थ-व्यवस्था का अक्सर ज़िक्र किया है और यह भी माना है कि विश्व-व्यापी अर्थ-व्यवस्था के बावजूद भारत सबसे तेज़ी से विकास करने वाला देश है। नि:संदेह यह उनकी उखड़ी मानसिकता का ही प्रकटावा है। पिछले दिनों उन्होंने रायबरेली में मोदी, शाह तथा आर.एस.एस. को देश के गद्दार कहा। इससे कई वर्ष पहले वह लगातार देश भर में घूम कर ‘चौकीदार चोर है’ जैसे शब्दों को दोहराते रहे हैं। पिछले दिनों उन्होंने सरकार तथा प्रधानमंत्री द्वारा अपने फोन टैप करने की बात बार-बार दोहराई थी। नि:संदेह लिखित अनुमती के बिना फोन टैप करना किसी की निजता के मौलिक अधिकार का उल्लंघन है, परन्तु राहुल ने अपना फोन दिखाते हुए यह दावा किया कि सरकार के खिलाफ उनके द्वारा लगाए सभी आरोपों के ठोस सबूत इस मोबाइल में मौजूद हैं और यही कारण है कि केन्द्र के इशारे पर उनकी जासूसी करवाई जा रही है।
राहुल विपक्ष के नेता हैं। इन ठोस सबूतों के आधार पर वह उच्च अदालत का दरवाज़ा खटकटा सकते हैं या कोई जनहित केस दायर कर सकते हैं या साइबर सैल के पास इसकी औपचारिक शिकायत कर सकते हैं, परन्तु यह सब जानते हैं कि ऐसा कुछ उन्होंने नहीं करना। वोट चोरी करने के मामले को लोकर देश भर में घूम कर उनके द्वारा सैंकड़ों बयान और विस्थार दिए गए हैं, परन्तु न उन्होंने कोई चुनाव आयोग के पास इस संबंधी शिकायत दर्ज करवाई है और न ही अदालत का दरवाज़ा ही खटखटाया है। नि:संदेह राहुल राजनीतिक तौर पर लगातार हुई हार के कारण बौखलाहट में आए लगते हैं। दर्जनों ही राज्यों में हुए चुनाव में अकसर उनकी पार्टी के हाथ निराशा ही आई है। यदि जोड़ लगाया जाए तो पिछले 10 वर्षों में उनके नेतृत्व में कम से कम कांग्रेस 100 बार चुनाव हार चुकी है। 
हम अभी भी एक बड़ी राष्ट्रीय पार्टी के नेता तथा विपक्ष के नेता से प्रौढ़ता और सूझबूझ की उम्मीद रखते हैं। सही और तर्क-संगत नीति पर चलते हुए ही वह केन्द्र के अलावा देशभर में फैल चुकी भाजपा की सरकारों का कोई मुकाबला करने के समर्थ हो सकते हैं।

—बरजिन्दर सिंह हमदर्द

#राहुल की बौखलाहट