आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने SUV को मारी टक्कर; 4 लोगों की मौत, 8 घायल

अनंतपुर (आंध्र प्रदेश), 26 नवंबर- आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां याडिकी मंडल में रयालाचेरुवु के पास एक लॉरी (ट्रक) ने SUV को टक्कर मार दी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, हादसा आज सुबह उस समय हुआ, जब SUV में सवार लोग हैदराबाद में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस ताड़ीपत्री लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी गाड़ी की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

वहीं, राज्य के परिवहन मंत्री राम प्रसाद रेड्डी (मंडीपल्ली रामप्रसाद रेड्डी) ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसकी जानकारी मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) की ओर से दी गई है।

#आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा
# ट्रक ने SUV को मारी टक्कर; 4 लोगों की मौत
# 8 घायल