अकाली दल का माइक्रो मैनेजमेंट पर फोकस,सारा दारोमदार सुखबीर बादल पर

चंडीगढ़ :5 मई  लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर जहां सभी पार्टियां जीत के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं वहीं शिरोमणि अकाली दल के वॉर रूम में इस बार विधानसभा चुनाव के मुकाबले काफी अलग तरीके से प्लानिंग हो रही है।

विधानसभा चुनाव में वॉर रूम का पूरा जोर बादल सरकार के विकास कार्यों के प्रचार पर था। वॉर रूम में बैठे रणनीतिकार धार्मिक यादगारों को लेकर किए गए शिअद-भाजपा सरकार के काम के दम पर सत्ता वापसी का रास्ता देख रहे थे। इस बार मुख्य फोकस माइक्रो मैनेजमेंट पर है। रूठों को मनाने पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। 

पार्टी का सारा दारोमदार सुखबीर बादल पर है। पार्टी के पास स्टार प्रचारक के रूप में यदि कोई व्यक्ति हैं, तो वह सुखबीर बादल हैं।
अकाली दल के वॉर रूम की सबसे अहम कड़ी है डॉ. दलजीत सिंह चीमा। चुनाव आयोग और संगठन की जिम्मेदारी डॉ. चीमा के ऊपर है। विरोधियों द्वारा की जा रही आचार संहिता को चुनाव आयोग के सामने उजागर करना डॉ. चीमा का काम है।

अकाली दल सोशल मीडिया की कमान नछत्तर सिंह के हाथ में 
पार्टी का सोशल मीडिया युवा नछत्तर सिंह के हाथ में है। बिक्रम मजीठिया के करीबी हैं गिल। पार्टी का फेसबुक पेज, ट्विटर और अन्य सभी गतिविधियां यही चला रहे हैं। सुखबीर बादल के पूर्व एडिश्नल प्रिंसिपल सेक्रेटरी अजय महाजन पर्दे के पीछे के खिलाड़ी हैं। दूसरी पार्टियों के व्यक्तियों को पार्टी में शामिल किए जाने संबंधी सलाह देते हैं वहीं, भाजपा और अकाली दल के बीच एक सेतु का काम करते हैं।