चंद्रयान-2 ने भेजी पृथ्वी की सुंदर तस्वीर

नई दिल्ली, 4 अगस्त (भाषा) : अंतरिक्ष एजेंसी, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) ने रविवार को ‘चंद्रयान 2’ से ली गई पृथ्वी की तस्वीरों का पहला सैट जारी किया। चंद्रयान 2 पर लगे एल 14 कैमरे से ली गईं ये तस्वीरें पृथ्वी को विभिन्न रूपों में दिखाती हैं। इसरो ने इन तस्वीरों के साथ एक ट्वीट में कहा, ‘‘चंद्रयान-2 एल14 कैमरों से 3 अगस्त, 2019’ चंद्रयान 2, चंद्रमा के अध्ययन के लिए भेजा गया देश का दूसरा मिशन है। इसे पिछले पखवाड़े ही अंतरिक्ष में प्रक्षेपित किया गया था। भारत के इस दूसरे चंद्र मिशन को गत 22 जुलाई को अभी तक अनुसंधानकर्ताओं से दूर ही रहे चांद के दक्षिणी ध्रुव की ओर रवाना किया गया है।  चंद्रयान 2 में आर्बिटर, लैंडर और रोवर लगाए गए हैं और इसके सितम्बर के पहले सप्ताह में चांद पर उतरने की उम्मीद है। वैज्ञानिक इसे चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर मद्धिम ढंग से उतारेगा। इस इलाके में अब तक कोई देश पहुंच नहीं सका है।