अयोध्या भूमि विवाद : विवाद राम जन्मस्थान को लेकर है : मुस्लिम पक्षकार

नई  दिल्ली, 23 सितम्बर (वार्ता) : उच्चतम न्यायालय में अयोध्या विवाद की 29वें दिन की सुनवाई के दौरान मुस्लिम पक्षकार ने कहा कि विवाद तो राम  के जन्मस्थान को लेकर हैं कि वह है कहां? सुन्नी वक्फ बोर्ड की ओर से पेश राजीव धवन ने दलील दी कि हम  राम का सम्मान करते हैं, जन्मस्थान का भी सम्मान करते हैं। इस देश में अगर  राम और अल्लाह का सम्मान नहीं होगा, देश खत्म हो जाएगा। धवन ने  कहा कि विवाद तो राम के  जन्मस्थान को लेकर है कि वह कहां है! उन्होंने कहा कि पूरी विवादित जमीन जन्मस्थान नहीं हो सकती! जैसा कि हिंदू पक्ष दावा करते हैं। कुछ तो निश्चित स्थान होगा। पूरा क्षेत्र जन्मस्थान नहीं हो  सकता। धवन ने हिंदू पक्ष द्वारा परिक्रमा के  संबंध में गवाहों  द्वारा दी गई गवाहियां उसके समक्ष रखीं। उन्होंने हिन्दू पक्ष के गवाहों की गवाही पढ़ते हुए बताया कि परिक्रमा के बारे में सभी गवाहों ने अलग अलग बात कही है।