550वां प्रकाश पर्व - केंद्रीय सांस्कृतिक मंत्रालय देश में लगाएगा 100 प्रदशर्नियां : पटेल


सुल्तानपुर लोधी, 5 नवम्बर (अमरजीत कोमल/बलविंदर लाडी/मनोज शर्मा): केंद्रीय सांस्कृतिक मंत्रालय की ओर से श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के संबंध में देश के विभिन्न हिस्सों में 100 प्रदशर्निया लगाई जा रही हैं ताकि उनकी शिक्षाओं बारे लोगों को अवगत करवाया जा सके। ये शब्द केंद्रीय पर्यटन व सांस्कृतिक राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने ऐतिहासिक शहर सुल्तानपुर लोधी के गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में नतमस्तक होने उपरांत कहे। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में उनको सिरोपे देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने श्रद्धालुओं को श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी विश्व के संयुक्त रहबर थे और उन्हाेंने विश्व शांति और रब्बी एकता का संदेश दिया। केंद्रीय मंत्री ने सुल्तानपुर लोधी से संबंधित अपने बुजुर्गो बारे भी जानकारी दी। प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि भारत सरकार को गुरु नानक देव जी के नाम पर सुल्तानपुर लोधी में पिंड बाबे नानक दा बनाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होने उपरांत केंद्रीय मंत्री ने स्थानीय रेलवे स्टेशन का दौरा किया, जहां केंद्रीय सांस्कृतिक मंत्रालय की ओर से लगाई गई फोटो प्रदर्शनी देखी, जिसमें श्री गुरु नानक देव जी के जीवन और शिक्षाओं संबंधी एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। केंद्रीय मंत्री ने और कई प्रमुख शख्सियतों ने ये फिल्म भी देखी। इस अवसर पर सचिदानंद जोशी सदस्य सचिव इंदिरा गांधी नैशनल सैंटर फॉर आर्टस विशेष तौर पर उपस्थित थे।