कैंसर की रोकथाम में सहायक भोजन

आज विश्व में कैंसर रोगियों की संख्या बढ़ती जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कैंसर की रोकथाम और इलाज में सबसे अधिक कारगर है सही भोजन।   सही भोजन कई प्रकार के कैंसर से सुरक्षा देता है। एंटी आक्सीडेंट विटामिन कैंसर कारक रसायनों को नष्ट करते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार कई प्रकार के फल व सब्जियां कैंसर की रोकथाम में सहायक हैं:-
सब्जियां:  सब्जियां जैसे बंदगोभी, फूलगोभी, ब्रोकली आदि का सेवन कैंसर की संभावना को कम करता है। 
गाजर : गाजर बैटा केरोटिन का उत्तम स्रोत है और फेफड़ों के कैंसर की रोकथाम में बहुत फायदेमंद है।   जो व्यक्ति बैटा केरोटिन के स्रोतों का अधिक सेवन करते हैं, उन्हें इसका सेवन न करने वालों की तुलना में फेफड़ों का कैंसर होने की संभावना कम पायी गयी। 
रसीले फल :  रसीले फल जैसे नींबू, संतरा आदि में भी कैंसर रोधी विशेषताएं पायी जाती हैं। इन फलों में प्राकृतिक तत्व जैसे केरोटिनाइड्स, फ्लेवोनाइॅड्स, टर्पीन्स और लाइमोनॉइडस पाए जाते हैं जो कैंसर की संभावना को कम करते हैं।
चुकंदर : चुकंदर प्राकृतिक शर्करा का एक अच्छा स्रोत है। इसमें सोडियम, पोटेशियम, फास्फोरस, कैल्शियम, सल्फर, क्लोरीन, आयोडीन, आयरन, विटामिन बी1, बी 6, सी, पी और नाइसिन तत्व पाए जाते हैं। चुकंदर का रस लिवर को उत्तेजित करता है व शरीर के सेल्स के ऑक्सीकरण को बढ़ाता है।
लहसुन : लहसुन में पाए जाने वाले तत्व कैंसरयुक्त सैलों को नष्ट करने में सहायक होते हैं। इसके अतिरिक्त अन्य शोधों से पता चला है कि लहसुन और प्याज में 30 से भी अधिक ऐसे यौगिक पाए जाते हैं जैसे डाइलियल सल्फाइड, क्वरस्टीन, एजोइन आदि जो कैंसररोधी है।      
(स्वास्थ्य दर्पण)