डंक भी मारते हैं पौधे !

वनस्पति जगत में एक प्रजाति है नेटिल्स। इसके अधिकांश पौधे छोटे-छोटे पत्तों वाले झाड़ियों के रूप में होते हैं, जिन पर नीले, पीले, बैंगनी रंग के सुंदर-सुंदर मनमोहक फूल खिलते हैं। पर सावधान! ये पौधे डंक भी मारते हैं, जिनका जहर जहरीली चींटियों से कम नहीं होता। ऐसा भी हो सकता है कि इनका यह डंक किसी लंबी बीमारी का कारण बन जाए। सभी जीवधारियों की यह स्वाभाविक विशेषता है। किसी बाहरी स्पर्श के प्रतिक्रिया स्वरूप उसके शरीर में कोई न कोई उत्तेजना या सिहरन पैदा होती है। कुछ पौधों की पत्तियां स्पर्श से संकुचित हो जाती हैं। पर नेटिल्स पौधे आक्रमण कर अपनी सुरक्षा करते हैं। 
जिस अंग पर ये पौधे डंक मारते हैं, वहां खरोंच पड़ जाती है। फिर खुजलाहट होने लगती है और धीरे-धीरे अंग-प्रत्यंग में जलन फैलने लगती है। यह संभव है कि उनके आसपास वातावरण में उनके अनेक शत्रु रहे होंगे, जिससे सुरक्षा हेतु इन पौधों ने अपने शरीर को सुइयों जैसे कांटों तथा जहरीले रासायनिक तत्वों पूर्ण से पूर्ण बना लिया हो। इन कांटों में विषैला तत्व भरा रहता है, जिसे आक्रमण करने वाले जंतु के शरीर में प्रविष्ट कर देते हैं। ये पौधे कौन से रासायनिक द्रव्य छोड़ते हैं, इसके बारे में अभी तक दुनिया को पूर्ण रूप से जानकारी नहीं मिल पायी है।