PM मोदी ने ट्विन-कुकटॉप मॉडल का किया अनावरण


बेंगलुरु, 06 फरवरी - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बेंगलुरु में भारत ऊर्जा सप्ताह 2023 कार्यक्रम में भाग लिया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, राज्यपाल थावरचंद गहलोत और सीएम बसवराज बोम्मई भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने इंडियन ऑयल द्वारा विकसित सोलर कुकिंग सिस्टम के ट्विन-कुकटॉप मॉडल का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने अपना संबोधन भी दिया। अपने संबोधन में सबसे पहले उन्होंने तुर्किए के भूकंप में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना जताई। पीएम मोदी ने कहा कि इस समय तुर्की में आए भूकंप पर हम सभी की नजर बनी हुई है। कई लोगों की मृत्यु और काफी नुकसान की खबरें हैं। तुर्की के आसपास के देशों में भी नुकसान की आशंका है। भारत भूकंप पीड़ितों की हर संभव मदद के लिए तत्पर है।