क्यों मच्छर कुछ लोगों को ज़्यादा काटते हैं ?

यह तो जानी-मानी बात है कि मच्छर हमारे शरीर से निकलने वाली गंध सूंघकर हमें खोजते हैं। काश, यह पता चल जाए कि वह कौन-सी गंध है, जो इन्हें कुछ मनुष्यों की ओर अधिक आकर्षित करती है। इस सवाल के जवाब का महत्व यह है कि मच्छर डेंगू, मलेरिया और पीत ज्वर जैसी बीमारियां फैलाते हैं, जो प्रति वर्ष 7 लाख लोगों की जान लेती हैं।
हाल ही में जॉन्स हॉपकिन्स युनिवर्सिटी के जीव विज्ञानी कोनोर मैकमेनीमैन ने खेल के एक खुले मैदान में विशाल टेंट लगाकर इसका जवाब तलाशने के प्रयास किए। 
मच्छरों को किसी व्यक्ति की उपस्थिति का पता उसके शरीर की गध से निकलने वाली कार्बन डाईऑक्साइड और शरीर के तापमान से लगता है। मच्छर अपने एंटीना पर उपस्थित गंध तंत्रिकाओं के माध्यम से लगभग 60 मीटर की दूरी से गंध का पता लगाते हैं और शरीर की गर्मी की मदद से अपने लक्ष्य पर सटीकता से पहुंच जाते हैं।
मच्छरों की शिकारी रणनीतियों को जांचने के लिए शोधकर्ताओं ने कुछ प्रतिभागियों को खेल मैदान की परिधि पर लगे 8 तंबुओं में सोने के लिए कहा। वैज्ञानिकों ने प्रत्येक तंबू से शरीर की गंध और कार्बन डाईऑक्साइड युक्त हवा को नलियों के माध्यम से मैदान के भीतर निर्धारित लैंडिंग प्लेटफॉर्मों तक पहुंचाया। इन जगहों को मनुष्यों के शरीर के सामान्य तापमान (35 डिग्री सेल्सियस) पर रखा गया था। 
इसके बाद शोधकर्ताओं ने इंफ्रारेड सेंसर की मदद से देखा कि भूखे मच्छर कहां जाते हैं। करंट बायोलॉजी में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार एक विशाल क्षेत्र में विभिन्न गंध और ध्वनियां तथा मौसमी परिस्थितियां होने के बावजूद मच्छर कुछ मनुष्यों की गंध वाले प्लेटफॉर्म की ओर अधिक आकर्षित हुए।
विभिन्न मनुष्यों के शरीर से निकलने वाली विशिष्ट गंध का पता लगाने के लिए शोधकर्ताओं ने प्रतिभागियों की त्वचा की रासायनिक बनावट का अध्ययन किया। जैसा कि पूर्व अध्ययनों में पाया गया था, मच्छर ऐसे लोगों को अधिक पसंद करते हैं जिनकी त्वचा के स्राव में विभिन्न कार्बोक्सिलिक अम्लों का मिश्रण होता है। यह एक प्रकार का तैलीय स्राव होता है, जो हमारी त्वचा में नमी बनाए रखता है और उसकी रक्षा करता है। इनमें से दो कार्बोक्सिलिक अम्ल लिम्बर्गर चीड़ में भी पाए जाते हैं जो मच्छरों को आकर्षित करने के लिए मशहूर है। दूसरी ओर, मच्छर सेज और नीलगिरी जैसे पेड़-पौधों में पाए जाने वाले रसायन युकेलिप्टॉल के नज़दीक कम जाते हैं। 
टीम ने मच्छर-आकर्षक के रूप में कार्बन डाईऑक्साइड और शरीर की गंध की तुलना की और पाया कि मच्छर गंध को अधिक प्राथमिकता देते हैं।

(स्रोत फीचर्स)