विमान हादसे के 56 साल बाद मिले जवान के शव का हुआ अंतिम संस्कार 

नई दिल्ली, 3 अक्टूबर - भारतीय सेना के उस जवान का गुरुवार को चमोली ज़िले के थराली में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया जिसका शव 56 साल बाद मिला है। वर्ष 1968 में रोहतांग के करीब हुए एक विमान हादसे में जान गंवाने वाले सैनिक नारायण सिंह बिष्ट का शव सोमवार को बर्फ में दबा हुआ मिला था। अंतिम संस्कार के मौके पर थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा के अलावा बड़ी संख्या में सरकारी अधिकारी, सेना के अधिकारी, ग्रामीण और समाजसेवी मौजूद थे।

इससे पहले, बिष्ट की पार्थिव देह जब तिरंगे में लिपटी हुई उनके पैतृक गांव कोलपुड़ी लाई गई तो उसे देखते ही बरसों से उनके आने की बाट जोह रहे उनके परिजनों तथा अन्य ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। करीब एक घंटे तक उनके पार्थिव शरीर को उनके घर में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। बाद में, उनके पैतृक घाट ढाडर बगड़ में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनकी चिता को उनके भतीजे सुरेंद्र सिंह और जयवीर सिंह ने मुखाग्नि दी।