प्रधानमंत्री मोदी ने कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन के तीसरे संस्करण को किया संबोधित 

नई दिल्ली, 4 अक्टूबर - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन (KEC) के तीसरे संस्करण को संबोधित करते हुए कहा, "इस बार का ये सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है जब दुनिया के दो बड़े क्षेत्र में युद्ध की स्थिति है। ये दोनों क्षेत्र वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए और खास तौर पर ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से बहुत अहम हैं। इतनी बड़ी वैश्विक अस्थिरता के बीच हम सभी यहां 'भारत के युग' की चर्चा कर रहे हैं। यह दिखाता है कि आज भारत पर विश्वास कुछ अलग ही है, यह दिखाता है कि आज भारत का आत्मविश्वास भी कुछ विशेष है। आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से विकास करने वाली अर्थव्यवस्था है। आज भारत GDP के हिसाब से पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। आज हम स्मार्टफोन डेटा खपत मामले में नंबर एक हैं। हम इंटरनेट यूजर्स के मामले में दुनिया में नंबर दो पर हैं। दुनिया की करीब-करीब आधी टाइम डिजिटल ट्रांजेक्शन आज भारत में हो रही है। आज भारत में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इको-सिस्टम है और इतना ही नहीं भारत दुनिया का सबसे बड़ा युवा देश है। आज भारत की ग्रोथ को लेकर जो भी भविष्यवाणी हो रही है उनका आत्मविश्वास भी बताता है कि भारत किस दिशा में है। यह पिछले कुछ हफ्तों और महीनों के आंकड़ों में भी देख सकते हैं। पिछले साल हमारी अर्थव्यवस्था ने हर भविष्यवाणी से बेहतर किया। हम भारतीयों को पूरा आत्मविश्वास है कि हम इससे भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। आज दुनिया भारत को निवेश के लिए पसंदीदा जगह मान रही है।