नगर निगम कपूरथला ने विभिन्न बाज़ारों से हटाए अवैध कब्जे
कपूरथला, 26 मई (अमनजोत सिंह वालिया) - नगर निगम कपूरथला ने ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से सोमवार शाम शहर के विभिन्न बाजारों का दौरा किया और दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों के आगे किए गए अवैध कब्जों और रेहड़ी-फड़ी वालों को हटाया तथा कई लोगों का सामान भी जब्त किया। नगर निगम सुपरिटेंडेंट दर्शन भगत व तह-बाजार इंस्पेक्टर हरभजन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम की कमिश्नर अनुपम कलेर को शिकायतें मिल रही थीं कि बाजार में दुकानों के बाहर दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसके तहत आज नगर निगम ने ट्रैफिक व पी.सी.आर. पुलिस की मदद से सदर बाज़ार, भगत सिंह चौक, पुरानी सब्जी मंडी और लकड़ बाज़ार के पास रेहड़ी-पटरी वालों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान निगम कर्मचारियों द्वारा कुछ दुकानदारों का सामान भी जब्त किया गया। इस बीच उन्होंने दुकानदारों से कहा कि वे निर्धारित सीमा से अधिक सामान न रखें। ऐसा न करने पर उनका सामान जब्त कर लिया जाएगा और चालान काट लिया जाएगा।