गर्मी से राहत दिलाएं ये ठंडे-ठंडे ड्रिंक्स
गर्मी के दिनों में डॉक्टर भी हमें खाने को कम, पीने के लिए ज्यादा हिदायत देते हैं यानी अधिक से अधिक इन दिनों तरल पदार्थों का सेवन करना चाहिए ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। गर्मी के इन खास दिनों में ऐसे कौन कौन से खाद्य पदार्थ हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ साथ हमारे शरीर में पानी की कमी को पूरा करते हैं और हमारी सेहत भी दुरुस्त रखते हैं।
नारियल पानी
नारियल पानी लगभग हर उम्र व वर्ग विशेष के लोगाें के लिए उपयोगी होता है। गर्मी के दिनों में यह शरीर को ठंडक देता है। इनमें मौजूद पोषक तत्व हमें गर्मियों में होने वाली बीमारियों से बचाते हैं। जो लोग वजन कम करना चाहते हैं और अपना मेटाबॉलिज्म बढ़ाना चाहते हैं, उनके लिए यह बेहद उपयोगी होता है। गर्मी के दिनों में डॉक्टर इसे खाली पेट पीने की सलाह देते हैं। इसमें मौजूद इलेक्ट्रोलाइट्स हमारे स्टेमिना को बढ़ाते हैं। यह कब्ज और एसिडीटी की समस्या को भी दूर करता है।
नींबू पानी
गर्मियों में नींबू आसानी से उपलब्ध होता है। जो लोग तेज धूप में घर से बाहर जाकर काम करते हैं, उन्हें लू लगने का खतरा सबसे ज्यादा होता है। लू लगने के कारण मितली, सीने में जलन और शरीर में पानी की कमी होने पर नींबू पानी बेहद उपयोगी होता है। गर्मी के दिनों में शरीर से ज्यादा पसीना निकलने के कारण चीनी और ग्लूकोज की मात्रा कम हो जाती है। नींबू में चीनी और शक्कर को मिलाकर बनी शिंकजी से इन तमाम समस्याओं से छुटकारा पाया जा सकता है।
आम पना
गर्मी के दिनों में कच्चे आम का पना गर्मी और लू से राहत दिलाता है। इसमें मौजूद कैल्शियम, मैग्नीशियम और पौटेशियम शरीर में पोषक तत्वों को पूरा करते हैं। कच्चे आमों को उबालकर नमक, काली मिर्च, भुने जीरे से बना आम का पना गर्मी से राहत दिलाता है।
सत्तू
भुने चने, गेहूं और जौ से बने सत्तू में बहुत पौष्टिक गुण होते हैं। यूपी और बिहार के लोगों के लिए यह एक पेट भरने वाला व्यंजन है। जिसे वह कई तरीकों से अपने भोजन में इस्तेमाल में लाते हैं। पेट की गर्मी को शांत करने वाले सत्तू को मीठे या नमक और दूसरे मसालों के साथ मिलाकर लोग इसका लुत्फ उठाते हैं और गर्मी से राहत पाते हैं।
गन्ने का रस
गन्ने का रस हमारे स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी होता है। गन्ने में अनेक विटामिन और खनिज लवण होते हैं इसे पीने से तेज गर्मी में हमें लू नहीं लगती। यह हमें तेज गर्मी में बुखार से भी बचाता है। इन दिनों पानी की कमी होने पर एसिडीटी में होने वाली जलन में गन्ने का रस राहत पहुंचाता है। पीलिया की बीमारी में गन्ने का रस बेहद फायदेमंद होता है।
तरबूज, खरबूजे का रस
गर्मी के मौसम में तरबूज और खरबूजे का रस शरीर में ठंडक देता है। तरबूज के जूस में काली मिर्च का पाउडर डालकर इनका सेवन खाली पेट करना चाहिए। इसमें मौजूद विटामिंस, कैल्शियम, मैग्नीशियम, पौटेशियम, जिंक, कॉपर और आयरन हमारे लिए फायदेमंद होते हैं। जो लोग वजन कम करना चाहते हैं, उन्हें तरबूज और खरबूजे का रस नियमित पीना चाहिए।
छाछ
छाछ गाय या भैंस के दूध से तैयार दही का बना होता है। छाछ में पुदीना, काला नमक और जीरा मिलाने से एसिडीटी की समस्या से राहत मिलती है। गर्मी के दिनों में आयुर्वेद में छाछ के बहुत लाभ बताये गये हैं। इसकी तासीर ठंडी होती है और इसे सुबह या दोपहर के भोजन में लेने से गर्मी से राहत मिलती है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर