ओडिशा के जाजपुर में चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतरे, कोई हताहत नहीं
भुवनेश्वर, 5 फरवरी ओडिशा के जाजपुर जिले के जाखपुरा रेलवे स्टेशन के पास बृहस्पतिवार को चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सुबह आठ बजकर 51 मिनट पर हुई इस घटना में किसी के घायल होने या किसी की मृत्यु होने की कोई सूचना नहीं है। रेलवे अधिकारी ने बताया कि चेन्नई से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी जाने वाली ट्रेन का एक वातानुकूलित (एसी) और दो सामान्य श्रेणी के डिब्बे पटरी से उतर गए। उन्होंने बताया कि स्थिति का जायजा लेने और रेल मार्ग को बहाल करने के लिए भद्रक से तुरंत एक राहत एवं बचाव दल को घटनास्थल पर भेजा गया। अधिकारी ने बताया कि प्रभावित यात्रियों के लिए उचित व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेन के डिब्बों के पटरी से उतरने का कारण अब तक पता नहीं चल पाया है।

