बोकारो में हाथियों के हमले में परिवार के तीन व्यक्तियों की मौत
बोकारो, 5 फरवरी झारखंड के बोकारो जिले में बृहस्पतिवार तड़के पांच हाथियों के एक झुंड के हमले में एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। वन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह घटना महुआदनार थाना क्षेत्र के बड़कीपुन्नू गांव में तड़के करीब तीन बजे हुई। बोकारो के प्रभागीय वन अधिकारी संदीप ने' कहा,''पांच हाथियों के एक झुंड ने धान की तलाश में पीड़ित परिवार के घर पर हमला किया और घर के एक हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया। जब परिवार के तीन लोगों ने जान बचाने के लिए बाहर भागने की कोशिश की, तभी हाथियों ने उन पर हमला कर दिया। इसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई।वन अधिकारी ने बताया कि हाथियों का यह झुंड पिछले कई दिनों से बड़कीपुन्नू इलाके में घूम रहा था। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

