झारखंड में 48 नगर निकायों के लिए मतदान शुरू


झारखंड के 48 नगर निकायों में आज, 23 फरवरी को मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य के शहरी क्षेत्रों में अपनी सरकार चुनने के लिए मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कुल 4,304 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हो चुकी है, जो शाम पांच बजे तक चलेगी। इस चुनाव में मेयर, अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों के पदों पर खड़े हजारों प्रत्याशियों की किस्मत आज बैलेट बॉक्स में कैद हो जाएगी। 
ईवीएम नहीं, बैलेट पेपर पर लग रही है मुहर
रांची: लंबे समय के बाद झारखंड के निकाय चुनाव में बैलेट पेपर की वापसी हुई है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुबह से ही लंबी कतारें देखी जा रही हैं। निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी बूथों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की है। बैलेट पेपर से होने वाली वोटिंग के कारण मतदान की प्रक्रिया थोड़ी धीमी जरूर है, लेकिन मतदाताओं का जोश कम नहीं हुआ है।
लोहरदगा में 46 केंद्रों पर मतदान शुरू
लोहरदगा: लोहरदगा नगर परिषद क्षेत्र में भी शहर की सरकार चुनने के लिए मतदान शुरू हो गया है। यहां कुल 46 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 50 हजार मतदाता उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला बैलेट पेपर पर मुहर लगाकर करेंगे। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, सुबह के समय मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की जुटने लगी है। हालांकि, रमजान का महीना होने के कारण मुस्लिम बहुल इलाकों में सुबह के वक्त मतदान की गति थोड़ी धीमी रही, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि दिन चढ़ने के साथ ही इन क्षेत्रों में भी मतदान प्रक्रिया तेजी पकड़ेगी।

#झारखंड