भुवनेश्वर के सुपरमार्केट में लगी आग, दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू
भुवनेश्वर (ओडिशा), 24 फरवरी - भुवनेश्वर के धौली लिंगीपुर सुपरमार्केट में अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी जबरदस्त थीं कि आग देखते ही देखते चारों तरफ फैल गई। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया।
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। लिंगिपुर इलाके के पास स्थित एक सुपरमार्केट में देर रात भीषण आग लग गई। इस घटना से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार, आग रात करीब 10 बजे बहुमंजिला इमारत की तीसरी मंजिल से अचानक भड़की। देखते ही देखते लपटें तेजी से फैलने लगीं। बताया जा रहा है कि तीसरी मंजिल पर बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील घरेलू सामान रखा हुआ था, जिसकी वजह से आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया।

