जशपुर में ब्रेक फेल होने के बाद पलटी बस, पांच की मौत, 20 से अधिक यात्री घायल
जशपुर, 6 मार्च - जशपुर ज़िले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झारखंड के कुरडेग से कुनकुरी आ रही यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। इनमें से चार गंभीर घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कलेक्टर रोहित व्यास ने घटना की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार अनमोल बस (CG 14 G 0263) करडेगा (झारखंड) से कुनकुरी की ओर आ रही थी। सुबह करीब 9:45 बजे करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़अंबा गांव में ढलान के दौरान बस का ब्रेक फेल हो गया। बस में सवार एक यात्री ने बस रोकने के लिए कहा, तभी कंडक्टर ने चिल्लाकर बताया कि बस का ब्रेक फेल हो गया है। कुछ ही क्षण बाद बस अनियंत्रित होकर सुरेंद्र साय के निर्माणाधीन आवास के पास पलट गई। बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर तीन एम्बुलेंस भेजी गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

