होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने पर भारत चिंतित, 28 जहाजों की सुरक्षा को लेकर ईरान से हुई बातचीत

नई दिल्ली, 12 मार्च - भारत ईरान के संपर्क में है, ताकि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले भारतीय झंडे वाले करीब 28 व्यापारिक जहाजों को सुरक्षित मार्ग मिल सके। अमेरिका और इस्राइल के साथ जंग तेज होने के बाद ईरान ने इस रणनीतिक समुद्री मार्ग को आंशिक रूप से बंद कर दिया है। इस मामले से जुड़े लोगों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, मंगलवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर और उनके ईरानी समकक्ष के बीच बातचीत हुई, जिसमें जहाजों की सुरक्षा और भारत की ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई थी। जानकारी मिली है कि पिछले चार-पांच दिनों से ईरान ने किसी भी भारतीय झंडे वाले व्यावसायिक टैंकर को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति नहीं दी है।

पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इस समय भारतीय झंडे वाले 24 जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य के पश्चिमी हिस्से में मौजूद हैं, जिन पर 677 भारतीय नाविक हैं। वहीं, चार जहाज, इस अहम समुद्री मार्ग के पूर्वी हिस्से में तैनात हैं, जिन पर 101 भारतीय नाविक हैं।

विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि हाल के दिनों में भारत के विदेश मंत्री और ईरान के विदेश मंत्री के बीच तीन बार बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि जहाजों की सुरक्षा और भारत की ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई थी। लेकिन इसके आगे कुछ कहना अभी जल्दबाजी होगा।

#भारत
# जहाजों
# ईरान