तेल संकट के मुद्दे पर मांग करते हुए राहुल ने एपस्टीन फाइल्स का जिक्र किया, लोकसभा में हंगामा

नई दिल्ली, 12 मार्च - लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, हम किससे तेल खरीदें, यह बात सौदेबाजी में चली गई है, हम रूस से तेल खरीदें या नहीं, यह तय करने की इजाजत हमें किसी और देश के राष्ट्रपति को क्यों दें? राहुल गांधी ने कहा, “मैंने इस पहेली को समझ लिया है और यह पहेली समझौते से जुड़ी हुई है। यहां हमारे बीच एक सज्जन बैठे हैं जो पेट्रोलियम मंत्री हैं। उन्होंने खुद कहा है कि वह मिस्टर एपस्टीन के दोस्त हैं…”। राहुल गांधी के इसी बयान पर लोकसभा में हंगामा हो गया।

देश में एलपीजी संकट, छोटे व्यापारी परेशान हो रहे: राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि देश में एलपीजी संकट है। छोटे व्यापारी परेशान हो रहे हैं। रूस से तेल क्यों नहीं खरीद सकते। कांग्रेस सांसद ने कहा, होर्मुज जलडमरूमध्य से वैश्विक तेल आपूर्ति का 20 फीसदी हिस्सा गुजरता है। इसे बंद कर दिया गया है। इसके परिणाम भयावह होंगे। राहुल गांधी ने कहा, अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच युद्ध छिड़ा है। इस युद्ध के दूरगामी परिणाम होंगे। 

सांसद राहुल गांधी ने कहा, प्रत्येक राष्ट्र की नींव उसकी उर्जा सुरक्षा पर टिकी होती है। अमेरिका कौन होता है यह तय करने वाला कि हम किससे तेल खरीदें, किससे गैस खरीदें और क्या हम रूस से तेल खरीद सकते हैं या नहीं। विभिन्न तेल आपूर्तिकर्ताओं के साथ हमारे संबंध हम खुद तय कर सकते हैं।

#तेल
# राहुल
# लोकसभा