प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिलचर में एक जनसभा को किया संबोधित
सिलचर (असम), 14 मार्च - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिलांग-सिलचर कॉरिडोर का भूमि पूजन किया। यह पूर्वोत्तर भारत का पहला एक्सेस-नियंत्रित ग्रीनफील्ड चार-लेन वाला हाई-स्पीड कॉरिडोर है। लगभग 22,860 करोड़ रुपये के निवेश से बनने वाला यह 166 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर, मेघालय और असम के बीच कनेक्टिविटी में काफी सुधार लाएगा। इस परियोजना से गुवाहाटी और सिलचर के बीच की दूरी कम हो जाएगी और यात्रा का समय 8.5 घंटे से घटकर लगभग 5 घंटे रह जाएगा, जिससे इस क्षेत्र में आर्थिक विकास और सीमा-पार व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "सिलचर को तो बराक घाटी का गेटवे कहा जाता है। यह वह जगह है जहां इतिहास, भाषा, संस्कृति और उद्यम ने मिलकर अपनी एक विशेष पहचान बनाई। यहां इतनी विविधता को अपनी ताकत बनाकर आप सभी भाईचारे के साथ, सद्भाव के साथ इस पूरे क्षेत्र का विकास कर रहे हैं, यह बराक घाटी का बहुत बड़ा सामर्थ्य है।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "आजादी के अनेक दशकों तक कांग्रेस की सरकारों ने पूर्वोत्तर को दिल्ली और दिल, दोनों से ही दूर रखा। कांग्रेस ने पूर्वोत्तर को एक प्रकार से भूला दिया था लेकिन भाजपा की डबल इंजन सरकार ने पूर्वोत्तर को ऐसे जोड़ा है कि आज हर तरफ इसकी चर्चा है। आज पूर्वोत्तर भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी का केंद्र है, दक्षिण पूर्व एशिया के साथ भारत को जोड़ने वाला सेतु बन रहा है। जैसे कांग्रेस ने पूर्वोत्तर को अपने हाल पर छोड़ दिया था, ठीक वैसे ही बराक घाटी को भी बेहाल करने में कांग्रेस की बड़ी भूमिका रही है। जब देश आजाद हुआ तो कांग्रेस ने ऐसी सीमा खींचने दी जिससे बराक घाटी का समुद्र से संपर्क ही हट गया, जो बराक घाटी कभी एक औद्योगिक केंद्र के रूप में जानी जाती थी उससे उसकी ताकत ही छीन ली गई। आजादी के बाद भी दशकों तक कांग्रेस की सरकारें रही लेकिन बराक घाटी के विकास के लिए कुछ खास नहीं हुआ। भाजपा की डबल इंजन सरकार इस स्थिति को बदल रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "यह सिर्फ एक हाईवे परियोजना नहीं है, यह पूर्वोत्तर के लोगों के दशकों पुराने इंतजार का अंत हो रहा है। इस कॉरिडोर से सिलचर, मिज़ोरम, मणिपुर और त्रिपुरा, यह सभी राज्य जुड़ने वाले हैं। इन तीनों राज्यों से आगे बांग्लादेश और म्यांमार है और फिर आगे दक्षिण पूर्व एशिया का विशाल बाज़ार है। यानि बराक घाटी एक उज्ज्वल भविष्य की ओर जुड़ने का आज शिलान्यास कर रही है। बल इंजन सरकार किसानों के कल्याण के लिए निरंतर कदम उठा रही है। कल ही गुवाहाटी से मैंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त जारी की है... कांग्रेस वालों ने इतने साल राज किया, प्रधानमंत्री तो असम से चुनकर गए थे लेकिन उसके बावजूद भी एक रुपया भी नहीं दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज मैं सिलचर से असम को सावधान, सतर्क करना चाहता हूं। आपने कांग्रेस को असम से बाहर किया, आज देश का हर राज्य कांग्रेस को सिखा रहा है। कांग्रेस एक के बाद एक चुनाव हार रही है, अब निकट भविष्य में कांग्रेस खुद के पराजय की सेंचुरी करने वाली है। हार की हताशा से भरी कांग्रेस ने देश के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, कांग्रेस के नेता देश को बदनाम करने में जुटे हैं। दिल्ली में इतनी बड़ी AI समिट हुई... कांग्रेस ने इस समिट को बदनाम करने के लिए कपड़ा फाड़ प्रदर्शन किया... पूरे देश ने इसकी आलोचना की लेकिन कांग्रेस का शाही परिवार इसे भी अपना मेडल बता रहा है, इसकी वाहवाही कर रहा है।

