पायल नाग ने विश्व चैंपियन शीतल देवी को हराया, महिला कम्पाउंड फाइनल में जीता स्वर्ण पदक

नई दिल्ली, 4 अप्रैल - भारतीय पैरा तीरंदाजी में एक नया सितारा उभर कर सामने आया है। बैंकॉक में महिला कम्पाउंड वर्ग के फाइनल में पायल नाग ने विश्व चैंपियन शीतल देवी को हराकर पैरा तीरंदाजी सीरीज में स्वर्ण पदक जीत लिया है। फाइनल में दो भारतीय आमने-सामने थे और 18 वर्षीय पायल ने ये मुकाबला 139-136 के अंतर से जीता। पायल का यह सीनियर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहला स्वर्ण पदक है। 
19 वर्षीय शीतल के हालिया शानदार प्रदर्शन को देखते हुए यह परिणाम और भी उल्लेखनीय है। शीतल बेहतरीन फॉर्म में थीं और 2025 के शानदार सीजन के बाद उन्हें विश्व तीरंदाजी की पैरा आर्चर ऑफ द ईयर भी चुना गया था। उन्होंने बैंकॉक में भी उसी लय को बरकरार रखा और क्वालिफाइंग राउंड में 698 (25X) के शानदार स्कोर के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया, जो कजाखस्तान की जनात ऐतिमोवा से 20 अंक अधिक था। वहीं, पायल ने 678 (9X) के स्कोर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया था।
दोनों तीरंदाजों ने आत्मविश्वास के साथ नॉकआउट राउंड में अपनी जगह बनाई। शीतल ने सेमीफाइनल में सिंगापुर की नूर शाहिदा अलीम को 147-142 से हराया, जबकि पायल ने ऐतिमोवा को 144-140 से हराकर एक रोमांचक फाइनल का रास्ता साफ कर दिया था। हालांकि, पायल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दबाव में रहते हुए अपने करियर की अब तक की सबसे बड़ी जीत हासिल की।

#पायल नाग
# विश्व चैंपियन शीतल देवी
# महिला कम्पाउंड फाइनल
# स्वर्ण पदक