नालागढ़  नंगल गोलीकांड: फरार चल रहे दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 

नालागढ़ , 9 अप्रैल  नालागढ़ क्षेत्र के नंगल में 17 फरवरी को हुई मारपीट और गोलीबारी की सनसनीखेज घटना में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की चर्चा हो रही है।जानकारी के अनुसार 17 फरवरी को कुछ हमलावरों ने नंगल में दो व्यक्तियों पर हमला कर दिया था। आरोपियों ने पहले दोनों के साथ मारपीट की और फिर उन पर गोली चला दी। इस हमले में दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके शरीर के विभिन्न हिस्सों में छर्रे लगने से हालत नाजुक हो गई थी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए नालागढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

घटना के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। शुरुआती कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों शुभम और दारा को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन इस वारदात के मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गए थे। उनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।बद्दी के एसपी विनोद धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि फरार चल रहे दोनों मुख्य आरोपियों को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परविंदर उर्फ पिनदरी निवासी आनंदपुर साहिब और केशव उर्फ केशु निवासी भरतगढ़ के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को बीती रात गिरफ्तार किया गया।

एसपी ने बताया कि पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। इस गिरफ्तारी से मामले में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।
 

#नालागढ़  नंगल गोलीकांड