होर्मुज में तनाव के बीच भारत के लिए आई अच्छी खबर, 'देश गरिमा' सुरक्षित भारत की ओर रवाना
नई दिल्ली, 19 अप्रैल - पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर आई है। भारतीय झंडे वाला कच्चा तेल टैंकर “देश गरिमा” 18 अप्रैल 2026 को होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित पार कर गया। इस जहाज में 31 भारतीय नाविक सवार हैं और इसके 22 अप्रैल को मुंबई पहुंचने की उम्मीद है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब इस अहम समुद्री मार्ग पर लगातार तनाव बना हुआ है।
हालांकि पिछले 24 घंटे में दो अन्य भारतीय जहाजों को खतरे का सामना करना पड़ा। वीएलसीसी सन्मार हेराल्ड और बल्क कैरियर जग अर्नव ने होर्मुज से गुजरते समय गोलीबारी की घटना की जानकारी दी, जिसके बाद दोनों जहाजों को वापस फारस की खाड़ी की ओर लौटना पड़ा।
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में से एक है। यहां हाल के दिनों में अमेरिका और इस्राइल से जुड़े तनाव के कारण हालात संवेदनशील बने हुए हैं। इसी वजह से जहाजों की आवाजाही पर खतरा बढ़ गया है और कई घटनाएं सामने आ रही हैं।

