'शानदार समझौते के साथ होगा अंत', शांति वार्ता पर बोले ट्रंप; संघर्षविराम बढ़ाने से किया इनकार
नई दिल्ली, 21 अप्रैल - दुनिया भर की निगाहें इस समय अमेरिका और ईरान के बीच मंडरा रहे युद्ध के बादलों पर टिकी हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस तनावपूर्ण माहौल में अपनी स्थिति साफ कर दी है कि शांति की समय सीमा अब समाप्त हो चुकी है। ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि 22 अप्रैल की आधी रात के बाद वह किसी भी कीमत पर संघर्षविराम को आगे नहीं बढ़ाएंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीएनबीसी को दिए एक साक्षात्कार में बहुत स्पष्ट शब्दों में कहा है कि कूटनीति के लिए अब और समय देना मुमकिन नहीं है। ट्रंप ने कहा कि हमारे पास इतना समय नहीं है। समय सीमा 22 अप्रैल है और मैं संघर्षविराम को बढ़ाना नहीं चाहता।
जब उनसे पूछा गया कि क्या समझौता न होने पर वह फिर से सैन्य कार्रवाई करेंगे, तो ट्रंप ने बिना झिझक कहा कि वह बमबारी की उम्मीद कर रहे हैं क्योंकि उनका मानना है कि इसी रवैये के साथ आगे बढ़ना बेहतर है। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका इस समय वार्ता में बहुत मजबूत स्थिति में है और वह वह काम कर रहे हैं जो पिछले 47 वर्षों में किसी राष्ट्रपति ने नहीं किया।

