गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की  ऐतिहासिक जीत


अहमदाबाद , 27 अप्रैल  गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा ने सभी 15 नगर निगमों पर जीत हासिल कर ली है। राज्य चुनाव आयोग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, सत्तारूढ़ दल भाजपा ने नगर निगमों में कुल सीटों के आधे से अधिक पर जीत दर्ज की है। मोरबी नगर निगम में भाजपा ने सभी 52 सीटों पर कब्जा किया है। रविवार, 26 अप्रैल को 15 नगर निगमों, 84 नगर पालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए मतदान हुआ था। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले इन चुनावों को राज्य के सबसे बड़े चुनावी अभ्यासों में से एक माना गया। इसमें लगभग 9,200 सीटों पर 4.18 करोड़ से अधिक पात्र मतदाता शामिल थे।
भाजपा ने जिला और तालुका पंचायतों में बनाई बढ़त
भाजपा ग्रामीण स्थानीय निकायों में भी एक प्रमुख शक्ति के रूप में उभरी है। 1,090 सीटों वाली 34 जिला पंचायतों में पार्टी ने 568 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस को 77 और अन्य को 30 सीटें मिलीं। वहीं 5,234 सीटों वाली 260 तालुका पंचायतों में भाजपा ने 2,397 सीटें हासिल कीं, कांग्रेस ने 591 सीटें जीतीं, जबकि अन्य को 329 सीटें मिलीं। सूरत नगर निगम की 120 सीटों में से भाजपा ने 115 सीटें जीती हैं। वहीं, आप चार सीटों पर सिमट गई है। आप ने 2021 में 27 सीटें जीती थीं। कांग्रेस के खाते में एक सीट गई है।
दाहेगाम नगरपालिका में 23 वर्षीय युवक ने चुनाव जीता
दहेगाम नगरपालिका के आम चुनाव के नतीजे सभी का ध्यान खींच रहे हैं। खासकर वार्ड नंबर 5 में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार ऋषि दीपककुमार अमीन ने शानदार जीत हासिल करके नया इतिहास रच दिया है। महज 23 साल की कम उम्र में नगरपालिका चुनाव जीतकर वे दहेगाम के सबसे युवा जन प्रतिनिधि बन गए हैं।

स्थानीय निकाय चुनाव में मतदान प्रतिशत
राज्य चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, नगर निगमों के लिए 55.1 फीसदी, नगर पालिकाओं के लिए 65.53 फीसदी, जिला पंचायतों के लिए 66.64 फीसदी और तालुका पंचायतों के लिए 67.26 फीसदी मतदान हुआ। नगर निगमों में, कच्छ जिले के नवगठित गांधीधाम में सबसे कम 46.03 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। वहीं, वलसाड जिले के वापी में सबसे अधिक 72.29 फीसदी मतदान हुआ। अहमदाबाद नगर निगम में 51.81 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
 

#गुजरात